
‘परिशुद्धता, रोकथाम और आंतरिक चिकित्सा में प्रगति’ विषय पर देशभर के विशेषज्ञ करेंगे मंथन
पत्रकारवार्ता स्थान: टेलीमेडिसिन विभाग, सर सुंदरलाल चिकित्सालय, बीएचयू
वाराणसी, 25.09.2026। एसोसिएशन ऑफ फिजिशियंस ऑफ इंडिया (API) के उत्तर प्रदेश चैप्टर का 43वां वार्षिक सम्मेलन ‘UP APICON 2026’ 26 एवं 27 सितंबर को होटल लेमन ट्री एवं गोकुल धाम बैंक्वेट हॉल, रोहनिया, वाराणसी में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन से पूर्व 25 सितंबर को प्री-कॉन्फ्रेंस सीएमई का आयोजन किया गया ।
इस वर्ष सम्मेलन का मुख्य विषय “Precision, Prevention and Progress in Internal Medicine” है।
सम्मेलन में प्रिसीजन मेडिसिन, रोगों की रोकथाम एवं शीघ्र पहचान तथा आंतरिक चिकित्सा के क्षेत्र में निदान और उपचार की नवीन प्रगति पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से प्रख्यात चिकित्सक, चिकित्सा शिक्षक, शोधकर्ता एवं विशेषज्ञ सम्मेलन में सहभागिता करेंगे। कोलकाता, दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, उत्तराखंड और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से आए विशेषज्ञ वैज्ञानिक सत्रों में अपने अनुभव और नवीनतम चिकित्सा ज्ञान साझा करेंगे।
सम्मेलन के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी होंगे। एसोसिएशन ऑफ फिजिशियंस ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. जी. नर्सिमुलु तथा चिकित्सा विज्ञान संस्थान, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के निदेशक प्रो. एस. एन. सांखवार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। API के पूर्व अध्यक्ष प्रो. ज्योतिर्मय पाल, UP API के चेयरमैन डॉ. संजय टंडन, चेयरमैन इलेक्ट डॉ. रिचा गिरी सहित UP API के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं अन्य प्रमुख सदस्य भी उद्घाटन समारोह में उपस्थित रहेंगे।
उद्घाटन समारोह में पद्मश्री प्रो. कमलाकर त्रिपाठी एवं प्रो. श्याम सुंदर को चिकित्सा, चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
UP APICON 2026 का आयोजन डॉ. के. के. गुप्ता, चेयरमैन, UP APICON 2026 के नेतृत्व में किया जा रहा है। प्रो. एल. पी. मीना, आयोजन सचिव; प्रो. जया चक्रवर्ती, सह-आयोजन अध्यक्ष तथा डॉ. अरुण कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष सम्मेलन के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सामान्य चिकित्सा विभाग के सभी संकाय सदस्य सम्मेलन के वैज्ञानिक एवं आयोजन संबंधी कार्यक्रमों में सक्रिय योगदान दे रहे हैं।
सम्मेलन के वैज्ञानिक सत्रों में प्रिसीजन मेडिसिन, रोगों की रोकथाम, साक्ष्य-आधारित चिकित्सा, नवीन उपचार पद्धतियों तथा मरीजों की देखभाल में हो रही प्रगति पर चर्चा होगी। वरिष्ठ चिकित्सकों एवं युवा चिकित्सा विशेषज्ञों के बीच ज्ञान और अनुभव का आदान-प्रदान सम्मेलन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा।
सम्मेलन का उद्घाटन 26 सितंबर, शनिवार को दोपहर 12 बजे होटल लेमन ट्री एवं गोकुल धाम बैंक्वेट हॉल, रोहनिया, वाराणसी में किया जाएगा।
UP APICON 2026 का उद्देश्य चिकित्सा शिक्षा में उत्कृष्टता, निरंतर चिकित्सा शिक्षा तथा देशभर के चिकित्सकों के बीच अकादमिक एवं व्यावसायिक सहयोग को बढ़ावा देना है।
पत्रकार वार्ता में आयोजन अध्यक्ष एवं मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर कैलाश कुमार, प्रो. जया चक्रवर्ती, प्रो. एल. पी. मीना, डॉ. अरुण कुमार सिंह तथा डॉ. निलेश कुमार सिंह आदि ने संबोधित किया।
संपर्क सूत्र: प्रो. एल.पी. मीना – 9839556651