Nandi News

नकशी कांथा और महिला सशक्तिकरण पर BHU में राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित

Share on Social Media

वाराणसी, 27 नवंबर 2026।

काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के कला संकाय के अंतर्गत बांग्ला विभाग द्वारा ICSSR के सौजन्य से ‘Handmade Embroidery as Livelihood and Voice: Gender Equity and Socio-Political Empowerment of Nakshi Kantha Women Artisans’ विषय पर एकदिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। पाली एवं बौद्ध अध्ययन विभाग के सेमिनार हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के शिक्षाविदों, शोधार्थियों एवं प्रसिद्ध कांथा शिल्पकारों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण एवं विश्वविद्यालय कुलगीत से हुआ। इसके बाद दीप प्रज्वलन और महामना मालवीय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। बांग्ला विभाग की प्रो. सुमिता चटर्जी ने स्वागत वक्तव्य दिया। कला संकाय की संकायाध्यक्ष प्रो. सुषमा घिल्डियाल ने अपने विचार रखे, जबकि संगोष्ठी की संयोजिका डॉ. अंतरा दास ने आयोजन के उद्देश्यों एवं ICSSR शोध परियोजना की रूपरेखा प्रस्तुत की।

उद्घाटन सत्र में इतिहास विभाग की प्रो. बिंदा दत्तात्रेय परांजपे ने कांथा शिल्प की ऐतिहासिक एवं समकालीन प्रासंगिकता पर व्याख्यान दिया। हिंदी विभाग के प्रख्यात कवि एवं नाट्य-समीक्षक प्रो. आशीष त्रिपाठी ने महिला श्रम, कला और सृजनशीलता के सौंदर्यशास्त्र पर अपने विचार व्यक्त किए।

शैक्षणिक सत्र में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित कांथा शिल्पकार महामाया शिकदार ने महिला शिल्पकारों के श्रम को उचित पहचान और सम्मान देने की आवश्यकता पर बल दिया। विश्वभारती विश्वविद्यालय की प्रो. रीता मोदक ने नकशी कांथा की परंपरा और महिला आर्थिक आत्मनिर्भरता के संबंध को रेखांकित किया। तृतीय सत्र में BHU के प्रो. अरुण कुमार यादव ने अध्यक्षता की तथा हिस्ट्री ऑफ आर्ट विभाग के प्रोफेसर एवं भारत कला भवन के उपनिदेशक डॉ. निशांत ने व्याख्यान प्रस्तुत किया।

इसके अतिरिक्त बांग्ला, हिंदी एवं अंग्रेजी विषयों में शोधपत्र वाचन के लिए समानांतर सत्र आयोजित किए गए। बांग्ला सत्र की अध्यक्षता डॉ. सोमा दत्ता एवं डॉ. श्रीतम मजूमदार ने संयुक्त रूप से की, जबकि हिंदी एवं अंग्रेजी सत्र की अध्यक्षता डॉ. गीतांजलि सिन्हा ने की।

समापन सत्र में भारत अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो. शरदेंदु कुमार त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने संगोष्ठी की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना की।

पूरे कार्यक्रम का संचालन आयोजन सचिव डॉ. स्वप्ना बंद्योपाध्याय ने किया। संगोष्ठी के अंत में धन्यवाद ज्ञापन समन्वयक प्रो. बिंदु लाहिड़ी ने प्रस्तुत किया। संगोष्ठी में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि नकशी कांथा केवल पारंपरिक हस्तकला नहीं, बल्कि महिला आजीविका, रचनात्मक अभिव्यक्ति, सामाजिक पहचान और आर्थिक सशक्तिकरण का महत्त्वपूर्ण माध्यम है।

Leave a Comment