

रोसा के मीडिया प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि 1 व 2 नवंबर को वाराणसी में होने वाले वर्कशॉप के लिए आज सोनभद्र के आदिवासी इलाकों में रोसा की टीम ने सर्वे किया
- रोसा की टीम ने सोनभद्र के आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों में किया संपर्क-संवाद
- शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पेयजल और प्रदूषण की समस्याएं आईं सामने
- 1-2 नवंबर को वाराणसी में होने वाली नई पीढ़ी वर्कशॉप के लिए किया जागरूक
रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान (रोसा) की टीम ने दिनकर कपूर के नेतृत्व में सोनभद्र के भाठ क्षेत्र के रनहोर, गुलाल झरिया, लोझरा, खजुरा सहित विभिन्न गांवों में ग्रामीणों से संपर्क-संवाद किया। इस दौरान 1-2 नवंबर को वाराणसी में आयोजित होने वाली नई पीढ़ी वर्कशॉप के उद्देश्यों और अभियान के 10 सूत्रीय एजेंडे की जानकारी दी गई।
ग्रामीणों ने बताया कि भाठ क्षेत्र में वनाधिकार कानून लागू नहीं हुआ है और आदिवासियों को वन भूमि पर पट्टे नहीं मिले हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, शुद्ध पेयजल, बिजली तथा माइक्रोफाइनेंस कंपनियों की कथित लूट जैसी समस्याओं से भी लोगों ने टीम को अवगत कराया। बड़ी संख्या में युवाओं ने रोसा के 10 सूत्रीय एजेंडे के प्रति समर्थन जताते हुए अभियान से जुड़ने की इच्छा व्यक्त की।
टीम ने कहा कि यह पूरा इलाका सरकारी उपेक्षा का शिकार है। औद्योगिक प्रतिष्ठानों से होने वाले प्रदूषण के कारण लोग गंभीर बीमारियों से प्रभावित हो रहे हैं, जबकि क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है। पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेशों के अनुपालन, जर्जर सड़कों की मरम्मत और जल जीवन मिशन को प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
रोसा की टीम ने मांग की कि प्रत्येक 10 किलोमीटर पर सरकारी इंटर कॉलेज, प्रत्येक ब्लॉक में सरकारी डिग्री कॉलेज और अनपरा औद्योगिक क्षेत्र में सरकारी आईटीआई खोला जाए। साथ ही, डिबुलगंज अस्पताल को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में विकसित करने की मांग भी उठाई गई।
बैठक में जवाबदेह सरकार, सामाजिक अधिकारों और संवैधानिक लोकतंत्र पर बढ़ते हमलों के सवालों पर विस्तार से चर्चा हुई। टीम ने ग्रामीणों और युवाओं से अपील की कि वे 1-2 नवंबर को वाराणसी में आयोजित होने वाली नई पीढ़ी वर्कशॉप में भाग लेकर रोजगार, सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करें।
संपर्क अभियान में शामिल प्रमुख लोग: रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान सोनभद्र के संयोजक रामकृष्ण बैगा, पूर्वांचल सह-संयोजक रूबी सिंह गोंड, रोजगार अधिकार अभियान की सविता गोंड, इंद्रदेव खरवार, तेजधारी गुप्ता, रामलल्लू बैगा, हरिप्रसाद बैगा, उदित बैगा, संदीप पनिका, राघवेंद्र पनिका और बच्चूलाल गुर्जर सहित अन्य साथी उपस्थित रहे।