
विजय लक्ष्मी तिवारी
वाराणसी मिर्जामुराद थाना ग्राम मेंहदीगंज में हनुमान जी की प्रतिमा विखंडित होने को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरें पूरी तरह भ्रामक और निराधार हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मिर्जामुराद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
मंदिर के पुजारी बबलू यादव ने स्पष्ट किया कि मूर्ति का हाथ करीब 6 वर्ष पूर्व बच्चों के खेलते समय टूट गया था, जिसे विधि-विधान से विसर्जित कर नई प्रतिमा स्थापित करने की योजना है। पास में ही नए मंदिर का निर्माण कार्य जारी है। पुलिस ने पुष्टि की है कि क्षेत्र में पूरी तरह शांति व्यवस्था कायम है और कोई विवाद नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें साझा करने से बचें।