Nandi News

काशी तमिल संगमम 5.0: काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में व्यापक तैयारियां, बीएचयू परिसर में आयोजित किये जाएंगे 7 विविध समूहों के लिए शैक्षणिक सत्र

Share on Social Media

वाराणसी, 26.11.2026: काशी और तमिलनाडु के ऐतिहासिक संबंधों के उत्सव “काशी तमिल संगमम्” का पाँचवाँ संस्करण 28 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने जा रहा है, जिसके लिए वाराणसी समेत काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में व्यापक तैयारियां की गई हैं। इस वर्ष का विषय “तिरुक्कुरल पयिलवोम – तिरुक्कुरल अभ्यास करें” है, तो तमिल के शास्त्रीय ग्रंथ तिरुक्कुरल के अध्ययन पर केन्द्रित है। यह ग्रंथ नैतिकता और आचरण का प्रतीक है। इसके लेखक तिरुवल्लुवर ने इसे तीन भागों: अराम (सद्गुण), पोरुल (धन), और इनबम (प्रेम) में विभाजित किया।

काशी हिंदू विश्वविद्यालय काशी तमिल संगमम् के महत्वपूर्ण शैक्षणिक साझेदारों में से एक है और आईआईटी (बीएचयू) के साथ मिलकर अनेक शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाने, उन्हें संयोजित करने और संचालित करने में जुटा है। काशी तमिल संगमम् 5.0 के दौरान सात समूह विभिन्न विषयों पर आयोजित शैक्षणिक सत्रों के लिए बीएचयू आएँगे। इस दौरान तमिलनाडु से आए प्रतिनिधियों को बीएचयू की गौरवशाली विरासत, राष्ट्र निर्माण एवं ज्ञान के प्रसार में उसके योगदान तथा संगमम् के उद्देश्यों की पूर्ति में उसकी भूमिका से अवगत कराया जाएगा।

काशी तमिल संगमम 5.0 के अंतर्गत काशी आने वाले 7 विविध समूहों में प्रत्येक में 250 सदस्य (कुल 1750) होंगे। इन मसूहों में विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक, मीडियाकर्मी, कृषि व संबद्ध क्षेत्रों से जुड़े लोग, अन्य पेशेवर व कलाकार, महिला प्रतिनिधि, शास्त्रीय गायक, आध्यात्मिक शिक्षक व वक्ता आदि शामिल होंगे। हर समूह उसके सदस्यों की विशेषज्ञता व रूचि के अनुरूप तैयार शैक्षणिक सत्र में प्रतिभागिता करेगा। यह सत्र 29 नवंबर से 11 दिसंबर तक विश्वविद्यालय के विभिन्न स्थलों पर आयोजित किये जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बौद्धिक आदान प्रदान, ज्ञान को साझा करना तथा सार्थक संवाद को प्रोत्साहित करते हुए ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना के तहत काशी और तमिलनाडु के प्राचीन सांस्कृतिक, शैक्षणिक, आध्यात्मिक एवं सभ्यतागत संबंधों को और प्रगाढ़ करना है।

काशी तमिल संगमम् 5.0 के पूर्व आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि संगमम के प्रथम संस्करण से ही काशी तमिल संगमम् का अभिन्न सहभागी होना बीएचयू के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। प्रो. चतुर्वेदी ने कहा कि यह संगमम् दोनों क्षेत्रों के बीच विचारों, परंपराओं और दर्शन के प्रवाह का सशक्त सेतु है। काशी सदा से विद्या की श्रेष्ठ नगरी रही है और बीएचयू शैक्षणिक सहयोगी के रूप में इस ज्ञान-विनिमय को विभिन्न स्तरों पर समृद्ध करने के लिए सतत प्रयासरत है। सभी प्रतिभागियों के अनुभव को यादगार बनाने के लिए विश्वविद्यालय ने विस्तृत तैयारियाँ की हैं। उन्होंने बताया कि संगमम में विश्वविद्यालय के विविध वर्गों सदस्य प्रतिभागिता कर रहे हैं और साझा संस्कृति एवं संबंधों के इस महोत्सव को लेकर विश्वविद्यालय समुदाय अत्यंत उत्साहित है।

आईआईटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि काशी तमिल संगमम् एक उल्लेखनीय पहल है, जो भारत की समृद्ध सभ्यतागत विरासत का उत्सव मनाती है और काशी तथा तमिलनाडु के बीच चले आ रहे सांस्कृतिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को और सुदृढ़ करती है। यह साझा परंपराओं, ज्ञान-प्रणालियों, साहित्य और दार्शनिक योगदानों को पुनः जानने-समझने का सार्थक मंच प्रदान करती है, जिन्होंने सदियों से भारत की सामूहिक पहचान गढ़ी है। उन्होंने कहा कि आईआईटी मद्रास, काशी हिंदू विश्वविद्यालय तथा अन्य सहयोगी संस्थानों के साथ इस प्रतिष्ठित पहल से जुड़ना आईआईटी (बीएचयू) के लिए सम्मान की बात है।

काशी तमिल संगमम् 5.0 के निकट आने के साथ ही बीएचयू परिसर में उल्लास और उत्साह देखने को मिल रहा है हुआ है तथा संपूर्ण विश्वविद्यालय परिवार काशी और तमिलनाडु के इस सांस्कृतिक संगम का साक्षी बनने एवं उसमें सहभागी होने को तत्पर है। इसी भावना के साथ संगमम् को आमजन तक पहुँचाने तथा युवाओं को इससे जोड़ने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय द्वारा कई जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। काशी तमिल संगमम 5.0 के नोडल अधिकारी प्रो. अंचल श्रीवास्तव तथा समन्वयक, डॉ. उमेश सिंह ने बताया कि इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, बौद्धिक क्षमता, सासंकृतिक समझ एवं कलात्मकता को प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध होगा। इन गतिविधियों में संध्या भजन, नुक्कड़ नाटक, लोक व शास्त्रीय संगीत, रंगोली, पोस्टर डिज़ाइन, आर्ट इंस्टॉलेशन, मेंहदी, फोटोग्राफी, कैलीग्राफी तथा डिजिटल आर्ट, “रन फॉर काशी तमिल संगमम् 5.0”, केटीएस यूथ क्विज़ तथा कैम्पस कल्टरल फ्लैश जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इन गतिविधियों के सुचारू आयोजन व प्रतिभागिता के लिए 1500 से अधिक स्टूडेंट वॉलन्टियर्स का चयन किया गया है। 27 नवंबर को आयोजित होने वाली “Run for KTS 5.0” युवाओं की ऊर्जा और काशी-तमिल एकता के साझा संकल्प को प्रदर्शित करेगी।

काशी तमिल संगमम् 5.0 के अंतर्गत, इसके विषय “तिरुक्कुरल पयिलवोम – तिरुक्कुरल अभ्यास करें” के अनुरूप, तमिलनाडु से हिंदी के ज्ञाता 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश आएँगे और तिरुक्कुरल की शिक्षाएँ सीधे विद्यार्थियों तक पहुँचाएँगे। ये शिक्षक तीन पवित्र नगरियों में तैनात किए जाएँगे, जिनमें वाराणसी में 20, प्रयागराज में 15 और अयोध्या में 15 शिक्षक होंगे। इनके मार्गदर्शन से लगभग 3,000 विद्यार्थी लाभान्वित होंगे और इस शाश्वत ज्ञान से प्रत्यक्ष परिचित हो सकेंगे। इस पहल का समन्वय काशी हिंदू विश्वविद्यालय द्वारा किया जा रहा है, जिसके संचालन में कला संकाय के भारतीय भाषा विभाग के डॉ. जगदीशन सहयोग कर रहे हैं।

काशी तमिल संगमम् 5.0 के अंतर्गत विद्यार्थियों की एक और महत्त्वपूर्ण शैक्षणिक पहल में देशभर के 1,000 शैक्षणिक संस्थानों से एक-एक विद्यार्थी अपनी-अपनी भाषा में तिरुक्कुरल का अध्ययन करेगा और इसके कालजयी ज्ञान को अपने परिसर तक पहुँचाएगा। इस अभियान के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय को उत्तर प्रदेश का राज्य नोडल संस्थान नामित किया गया है। एक माह का यह कार्यक्रम 15 दिसंबर 2026 से आरंभ होगा और प्रत्येक प्रतिभागी द्वारा एक लेख अथवा शोध-टिप्पणी जमा करने के साथ संपन्न होगा। उनके प्रयासों के सम्मान में प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को सत्यापन के पश्चात प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से ₹10,000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इस पहल के माध्यम से काशी तमिल संगमम् युवा शिक्षार्थियों को तमिल साहित्य और संस्कृति का दूत बना रहा है तथा देशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों में “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को और सशक्त कर रहा है।

 

 

Leave a Comment