
“भारतीय संविधान पर्यावरण की रक्षा और संवर्धन के लिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य निर्धारित करता है , गंगा द्वार पर किया जागरूक”
भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य निर्धारित करता है कि वह नदी, वन, झील, और वन्यजीवों सहित प्राकृतिक पर्यावरण की रक्षा और संवर्धन करे तथा प्राणी मात्र के प्रति दयाभाव रखें इस संदेश के साथ नमामि गंगे ने गुरुवार 26 नवंबर संविधान दिवस के अवसर पर श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई । भारतीय संविधान की तस्वीर और राष्ट्रध्वज तिरंगा लेकर नागरिकों ने उद्घोष किया कि ‘हमारा संविधान – हमारा स्वाभिमान’ है। हम भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखेंगे। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन और शपथ दिलाकर आह्वान किया कि भारतीय संविधान में निहित पर्यावरण संरक्षण के प्रावधान और आधुनिक सरकारी एवं सामुदायिक प्रयासों का ‘संगम’ ही गंगा नदी के कायाकल्प (अविरल और निर्मल धारा) की नींव है। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान के फंडामेंटल ड्यूटीज़ वाले चैप्टर में हर नागरिक पर पर्यावरण की रक्षा करने की ड्यूटी साफ़ तौर पर लगाई गई है। आर्टिकल 51-A (g) कहता है कि “भारत के हर नागरिक की यह ड्यूटी होगी कि वह जंगल, झील, नदी और जंगली जानवरों समेत नेचुरल पर्यावरण की रक्षा करे और उसे बेहतर बनाए और जीवों के प्रति दया रखे। आयोजन के दौरान नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला, रविंद्र पाण्डेय, साकेत, रोहित मिश्रा, रिया, आरती, जय शाहा, रमन नायडू सहित सैकड़ो की संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक शामिल रहे।