Nandi News

शिक्षक हितों की रक्षा को लेकर सुधांशु शेखर त्रिपाठी को बनाया गया शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का अधिकृत प्रत्याशी

Share on Social Media

वाराणसी

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की प्रादेशिक कार्यकारिणी, वाराणसी खंड के सभी जिला कार्यकारिणी पदाधिकारियों तथा शिक्षक हितैषी शिक्षकों की आमसभा रविवार को भारतीय शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज, इंग्लिशिया लाइन के विश्वनाथ सभागार में आयोजित हुई। सभा में सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष सुधांशु शेखर त्रिपाठी को आगामी विधान परिषद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी खंड-2026 के लिए संघ का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया।

घोषणा के बाद सुधांशु शेखर त्रिपाठी ने सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि शिक्षकों का सम्मान और सेवा सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य शिक्षकों को शोषण से मुक्ति दिलाना और उनके लिए स्वर्णिम कार्य वातावरण तैयार करना है।

उन्होंने शिक्षा विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार के उन्मूलन, पुरानी पेंशन बहाली के लिए संघर्ष, विभागीय कार्यों को ऑनलाइन कराने तथा सेवा सुरक्षा के साथ सम्मानजनक कार्यप्रणाली विकसित करने को प्रमुख लक्ष्य बताया। वित्तविहीन शिक्षकों को सेवा सुरक्षा के लिए नियुक्ति एवं कार्यभार ग्रहण पत्र दिलाने, समान कार्य के लिए समान वेतन अथवा सम्मानजनक मानदेय की व्यवस्था, संस्कृत शिक्षकों की समस्याओं का समाधान तथा शिक्षकों की स्थानांतरण प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने पर भी जोर दिया।

संगठन ने राजकीय शिक्षकों की पदोन्नति एवं स्थानांतरण को समयबद्ध और पारदर्शी बनाने, प्रबंधकीय एवं प्रशासनिक शोषण से शिक्षकों को मुक्त कराने, ग्रेड-पे के अनुरूप पदनाम में परिवर्तन तथा सहायक अध्यापक के स्थान पर सहायक प्रवक्ता पदनाम दिए जाने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा राज्य कर्मचारियों की भांति शिक्षकों को तीन समयमान वेतन देने और सीपीएसआई की तरह मूल्यांकन दर उपलब्ध कराने को भी संगठन के लक्ष्यों में शामिल बताया गया।

महामंत्री रेवती रमण शर्मा ने शिक्षकों के हितों के लिए संघर्ष का आह्वान किया। उन्होंने संगठन के अधिकृत, कर्मठ एवं ईमानदार प्रत्याशी सुधांशु शेखर त्रिपाठी को विधान परिषद शिक्षक निर्वाचन में प्रथम वरीयता का मत देने की अपील की।

सभा में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान जयप्रकाश सिंह, जयशंकर दूबे, सुबेदार सरोज, डॉ. मोहन सिंह यादव, पीयूष यादव, छितेश्वर मिश्रा, वासुदेव तिवारी, अरविंद कुमार सिंह, निर्भय नारायण राय, चंद्रभूषण पांडेय, दिनेश कुमार तिवारी, वेद कुमार सिंह, संजय पाल, सुरेश चौैरसिया, अनंत प्रकाश, निर्भय कुमार पाठक, प्रदीप पांडेय, शैलेश मिश्रा, पूजा पांडेय, सत्येंद्र दूबे, राकेश कुमार सरोज, जयप्रकाश राम, सत्येंद्र वर्मा, रोशन कनौजिया, सुजीत चौरसिया, रमेश सिंह, गौरव तथा दुर्गा दयाल सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभा की अध्यक्षता श्री निःशंक ने की तथा संचालन अजय कुमार रेड्डी ने किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Leave a Comment