Nandi News

विश्व पर्यटन दिवस पर आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने सारनाथ में किया पर्यटन भ्रमण, विदेशी पर्यटकों का किया आत्मीय स्वागत

Share on Social Media

वाराणसी, 27 सितम्बर। आज विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर डोमरी, रामनगर, वाराणसी स्थित आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भगवान बुद्ध की तपोस्थली सारनाथ का शैक्षिक भ्रमण किया।

भ्रमण के दौरान छात्राओं ने सारनाथ के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पुरातात्विक महत्व को नजदीक से जाना। धमेख स्तूप, अशोक स्तंभ, सारनाथ संग्रहालय तथा बौद्ध मंदिरों के दर्शन कर छात्राओं ने भारतीय संस्कृति और बौद्ध दर्शन की विरासत को समझा।

इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने विश्व पर्यटन दिवस की थीम “पर्यटन से संस्कृति, समृद्धि और शांति” को साकार करते हुए सारनाथ आए हुए विदेशी पर्यटकों का भारतीय परम्परा के अनुसार माला पहनाकर एवं तिलक लगाकर स्वागत व अभिनंदन किया। विदेशी पर्यटकों ने छात्राओं के इस आत्मीय स्वागत से अभिभूत होकर भारत की अतिथि देवो भव: की परम्परा की सराहना की।

महाविद्यालय की निदेशक प्रो. कल्पलता पाण्डेय ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से छात्राओं में वैश्विक दृष्टिकोण, सांस्कृतिक समझ और पर्यटन के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ती है। पर्यटन केवल भ्रमण नहीं, बल्कि रोजगार, संस्कृति के आदान-प्रदान और विश्व शांति का महत्वपूर्ण माध्यम है।

इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की समस्त छात्राएं, शिक्षक–शिक्षकाएं तथा कर्मचारी उपस्थित रहें।

Leave a Comment