
वाराणसी, 18 जुलाई। नवनीता कुँवर पब्लिक स्कूल, सुसुवाही के प्रांगण में शनिवार को आयोजित ‘अलंकरण समारोह–2026’ गरिमा, उत्साह और अनुशासन का अनुपम उदाहरण बन गया। विद्यालय परिसर नेतृत्व, दायित्व और सेवा-भाव की भावना से सराबोर दिखाई दिया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्रबंधक श्री राजेश राय, उपाध्यक्ष श्री प्रवीण राय, प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय तथा वरिष्ठ एवं कनिष्ठ समन्वयकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय के चारों सदनों के पदाधिकारियों, विभागाध्यक्षों तथा विभिन्न दायित्वों के लिए चयनित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों का अलंकरण करना था। छात्रा अर्पजा एवं उनके साथियों ने मधुर सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर ज्ञान और संस्कृति की अधिष्ठात्री देवी का आह्वान किया। इसके पश्चात कनिष्ठ समन्वयक ने स्वागत-संबोधन के माध्यम से अतिथियों एवं उपस्थित जनों का अभिनंदन किया।
समारोह में विद्यालय के चारों सदनों के कार्य प्रभारियों की घोषणा की गई। एस.सी. बोस हाउस का दायित्व श्री धर्मराज पटेल एवं अनुराधा जोशी, शिवाजी हाउस का प्रभार श्री आनंद तिवारी एवं श्रीमती सरिता सिंह, लक्ष्मीबाई हाउस की जिम्मेदारी श्री अमित सेठ एवं श्रीमती पूनम वर्मा तथा सरोजनी नायडू हाउस का नेतृत्व श्री रघुवंश प्रकाश एवं प्रियंवदा राय को सौंपा गया।
विद्यालय के छात्र नेतृत्व के रूप में हर्ष विश्वकर्मा को हेड बॉय तथा तान्या विश्वकर्मा को हेड गर्ल चुना गया। वहीं चारों सदनों के हाउस कैप्टन के रूप में कृष्णा, ओम, वत्सुल एवं आराध्या को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अतिरिक्त ऋषभ, शगुन, प्राची, शौर्य, निक्षेत, आंतिका, गर्विता, सुमन और मानवी सहित अन्य काउंसिल सदस्यों को भी बैज प्रदान कर उनके पदों से अलंकृत किया गया।
विद्यालय के विभिन्न विषयों के विभागाध्यक्षों एवं विभागीय प्रभारियों को भी सम्मानपूर्वक उनके दायित्व सौंपे गए। मुख्य अतिथि एवं प्रधानाचार्य ने सभी पदाधिकारियों को बैज एवं पद-चिह्न प्रदान किए। खेल शिक्षक श्री मृत्युंजय शर्मा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान, अनुशासित एवं समर्पित रहने का संकल्प कराया।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय ने कहा कि नेतृत्व केवल अधिकार का प्रतीक नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों के निर्वहन और सामूहिक विकास का माध्यम है। उन्होंने सभी प्रभारियों एवं विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अनुशासन, समर्पण और कुशल प्रबंधन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
उत्साह, अनुशासन और नेतृत्व के रंगों से सजे इस भव्य समारोह का समापन वरिष्ठ समन्वयक सुश्री सत्यप्रिया सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि नवगठित छात्र परिषद और विभिन्न प्रभारियों के नेतृत्व में संस्था नई उपलब्धियों की ओर अग्रसर होगी
