
वाराणसी। श्री जगन्नाथ रथयात्रा मेला के दूसरे दिन भी मोक्ष सदन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट, वाराणसी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क नींबू जल, दही की छाछ एवं शीतल पेयजल वितरण की सेवा श्रद्धा और समर्पण के साथ जारी रही।
भीषण गर्मी और मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच संस्था द्वारा संचालित सेवा केंद्र पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शीतल पेयजल, नींबू जल एवं दही की छाछ का लाभ प्राप्त किया। सेवा कार्य पूरे उत्साह, श्रद्धा एवं सुव्यवस्थित ढंग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
आज के सेवा कार्य में रामताड़का आंध्रा आश्रम के अध्यक्ष श्री सुंदरम शास्त्री जी का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इसके साथ ही अनेक श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों ने अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार सेवा कार्य में सहभागिता की।
मोक्ष सदन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्षा श्रीमती उषा रानी ने कहा कि संस्था का प्रयास है कि काशी आने वाला कोई भी श्रद्धालु सेवा और सहयोग से वंचित न रहे। श्री जगन्नाथ जी की कृपा, सहयोगियों के स्नेह और समाज की सहभागिता से यह सेवा कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सेवा किसी एक व्यक्ति या संस्था का कार्य नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक संवेदना का परिणाम है। किसी ने जल सेवा में सहयोग दिया, किसी ने नींबू जल एवं छाछ की व्यवस्था में सहभागिता की और अनेक श्रद्धालुओं ने तन-मन-धन से इस जनसेवा अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया।
मोक्ष सदन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट रामताड़का आंध्रा आश्रम के अध्यक्ष श्री सुंदरम शास्त्री जी सहित सभी सहयोगियों, दानदाताओं, श्रद्धालुओं एवं स्वयंसेवकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करती है।
काशी की परंपरा में सेवा केवल सहायता नहीं—सेवा स्वयं एक साधना है।
“जहाँ श्रद्धा मिलती है सेवा से,
वहीं जनसेवा बन जाती है भगवान की पूजा।”