Nandi News

I.I.M.U.N. का वाराणसी सम्मेलन 2026 – सनबीम वरुणा में हुआ भव्य आरम्भ

Share on Social Media

दिनांक- 10.07.2026

27 विद्यालयों के 583 छात्र-प्रतिनिधियों की सहभागिता, करेंगे वैश्विक मुद्दों पर मंथन

वाराणसी, 10 जुलाई। सनबीम स्कूल, वरुणा में शुक्रवार को आई.आई.एम.यू.एन. वाराणसी कॉन्फ्रेंस 2026 का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। दो दिवसीय इस प्रतिष्ठित सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता बोमन ईरानी एवं I.I.M.U.N. के प्रेसिडेंट ऋषभ शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
दीप प्रज्ज्वलन की गरिमामयी परंपरा के साथ ज्ञान, शांति और नवचेतना के प्रतीक स्वरूप सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ हुआ। सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, सम्मेलन परिचय, I.I.M.U.N. प्रस्तुति तथा सुप्रसिद्ध अभिनेता बोमन ईरानी एवं ऋषभ शाह के बीच प्रेरणादायी संवाद मुख्य आकर्षण रहे। अपने प्रेरणादायी संबोधन में बोमन ईरानी ने विद्यार्थियों को अपने सपनों के प्रति समर्पित रहने, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा निरंतर सीखते रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सफलता का मार्ग कठिन अवश्य होता है, लेकिन दृढ़ संकल्प, अनुशासन और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में सनबीम समूह के अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक, उपाध्यक्ष श्रीमती भारती मधोक एवं निदेशक श्रीमती अमृता बर्मन ने उपस्थित प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए नेतृत्व, संवाद और वैश्विक दृष्टिकोण के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
यह सम्मेलन केवल उद्घाटन समारोह तक सीमित नहीं है। 11 एवं 12 जुलाई 2026 को विभिन्न राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय समितियों में छात्र प्रतिनिधि समसामयिक वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श, बहस, कूटनीतिक वार्ता और समाधान प्रस्तुत करेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच, प्रभावी संवाद कौशल तथा वैश्विक नागरिकता की भावना का विकास करना है।
समारोह में सनबीम वरुणा ने ‘सुरप्रवाह आरकेस्ट्रा’ के द्वारा मनमोहक गीतों की श्रृंखला प्रस्तुत की एवं सनबीम लहरतारा द्वारा ‘‘चोला टाइगर’’ की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने वातावरण को ऊर्जावान बना दिया। सम्मेलन में वाराणसी एवं आसपास के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के कुल 583 छात्र/छात्राओं – प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इसके अतिरिक्त सनबीम वरुणा, सनबीम लहरतारा, सनबीम भगवानपुर, सनबीम अन्नपूर्णा, सनबीम सनसिटी, सनबीम सारनाथ, सनबीम इंदिरानगर, सनबीम इण्टरनेशनल वरुणा, दिल्ली पब्लिक स्कूल, मेयो कॉलेज स्कूल, सेंट जॉन्स स्कूल BLW, गुरु नानक स्कूल सहित अनेक विद्यालयों के छात्र/छात्राएं भी इस अंतर्राष्ट्रीय स्तर के शैक्षिक आयोजन का हिस्सा बनेंगे।
I.I.M.U.N. वाराणसी कॉन्फ्रेंस 2026 युवा प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच जैसी अनुभूति प्रदान करते हुए उन्हें भविष्य के जिम्मेदार और संवेदनशील वैश्विक नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करेगा। कार्यक्रम के अंत में सनबीम स्कूल वरुणा की प्रधानाचार्या डॉ0 अनुपमा मिश्रा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

Leave a Comment