
वाराणसी। मान मंदिर घाट के किनारे खड़ी एक नाव पर मीट बनाए जाने का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वाराणसी पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सोमवार देर रात दशाश्वमेध थाना पुलिस ने पांच नाविकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि संबंधित नाव को भी सीज कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो में मान मंदिर घाट के पास गंगा में खड़ी नाव पर कुछ लोग मीट बनाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में रामनगर के सूजाबाद निवासी दीपक कुमार, अजय साहनी और राहुल साहनी, जबकि डोमरी निवासी अरुण कुमार साहनी और अनुराग निषाद शामिल हैं। एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि दशाश्वमेध चौकी प्रभारी अनुजमणि त्रिपाठी की तहरीर पर पांचों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि मान मंदिर घाट के समीप गंगा में खड़ी नाव पर मीट बनाया गया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और सामाजिक माहौल प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हुई।उन्होंने बताया कि वीडियो पुराना है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया अपनाई गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त नाव को भी सीज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि गंगा में इस प्रकार के आयोजन या धार्मिक आस्थाओं को प्रभावित करने वाली गतिविधियां किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएंगी। भविष्य में भी ऐसे मामलों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहे
वाराणसी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गंगा केवल एक नदी नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। इसलिए गंगा में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि, प्रदूषण फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले कृत्यों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।