Nandi News

सनबीम स्कूल वरुणा में वार्षिकोत्सव ‘विविधा-2026’ का भव्य आयोजन’

Share on Social Media

500 से अधिक प्रतिभागियों ने किया अपनी कला का प्रदर्शन

वाराणसी। सनबीम स्कूल वरुणा में दिनांक 21 नवंबर 2026 को वार्षिकोत्सव ‘विविधा-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, कलात्मक अभिव्यक्ति एवं आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन करते हुए उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस वार्षिकोत्सव का मूल विषय ‘द वर्ल्ड वी वांट’ रही, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से एक ऐसे आदर्श विश्व की कल्पना को अभिव्यक्त करना था, जहाँ प्रेम, शांति, समानता, सहयोग, पर्यावरण संरक्षण एवं मानवीय मूल्यों को सर्वाेच्च स्थान प्राप्त हो। संपूर्ण समारोह की विभिन्न प्रस्तुतियों में इसी विचारधारा की सुंदर झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ ‘सुर प्रवाह’ के साथ इस कार्यक्रम में आयुषी, अतुल्य, देवांश अथर्व एवं श्रेया इत्यादि विद्यार्थियों ने विभिन्न वाद्य यंत्रों द्वारा कर्णप्रिय संगीत से सभी को मंत्र मुक्त कर दिया। समारोह में ‘गैलेक्सी ऑफ अचीवर्स’ के अंतर्गत विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सराहा गया। विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट के माध्यम से शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में विद्यालय की उपलब्धियों और प्रगति को प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का विधिवत उद्घाटन हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका सुश्री अमृता बर्मन ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं उनके सर्वांगीण विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद किंडरगार्टन के नन्हे विद्यार्थियों ने ‘वाइब्रेंट ड्रीम्स’ के माध्यम से मनमोहक प्रस्तुति दी। कक्षा एक एवं दो के विद्यार्थियों ने ‘द वर्ल्ड वी वांट’ विषय पर अपनी प्रस्तुति के माध्यम से एक बेहतर, शांतिपूर्ण एवं सुंदर विश्व की कल्पना को साकार किया। विद्यालय की सहायक निदेशक सुश्री प्रतिमा गुप्ता ने भी अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कक्षा पाँच एवं छः के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नाट्य मंचन ‘मदर अर्थ्स कोर्टरूम’ रहा। इस प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, पृथ्वी के प्रति मानवीय जिम्मेदारियों तथा प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने का प्रभावशाली संदेश दिया। इस अवसर पर एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री हर्ष मधोक एवं अकादमिक एडमिनिस्ट्रेटर सुश्री कामिका ने अपने संबोधन से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

इसके अतिरिक्त किंडरगार्टन के विद्यार्थियों द्वारा ‘अग्नि- द रॉक बैंड’ की ऊर्जावान प्रस्तुति ने समारोह में उत्साह और उमंग का संचार किया। कक्षा तीन एवं चार के विद्यार्थियों ने ‘हेल्दी बॉडी, हेल्दी माइंड’ के माध्यम से स्वस्थ शरीर एवं स्वस्थ मन का संदेश दिया। वहीं कक्षा तीन से पाँच तक के विद्यार्थियों ने ‘एवरी चाइल्ड मैटर्स’ विषय पर अपनी प्रस्तुति के माध्यम से प्रत्येक बच्चे के महत्व, समान अवसर एवं बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

समारोह के समापन अवसर पर विद्यालय के चेयरपर्सन डॉ. दीपक मधोक एवं वाइस चेयरपर्सन सुश्री भारती मधोक ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। तत्पश्चात प्रधानाचार्या डॉ0 अनुपमा मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन में कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा, कल्पनाशीलता, आत्मविश्वास एवं सामूहिक सहभागिता का एक यादगार उत्सव बनकर संपन्न हुआ।

Leave a Comment