
वाराणसीः
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर श्रीराधा रानी ट्रस्ट की भव्य शोभायात्रा निकली. महमूरगंज स्थित नवोदित नगर एक्सटेंशन से निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. रास्ते में जगह-जगह दही हांडी के भी आयोजन किया गया.
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर श्रीराधा रानी ट्रस्ट की ओर आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन शुक्रवार की सुबह भगवान श्रीकृष्ण व राधा रानी का प्रतिमा के साथ शोभायात्रा निकाली गई. इसमें सबसे आगे डीजे पर भक्ति संगीत बज रहा था. उसके पीछे स्कूल के बच्चे चल रहे थे. बैंड-बाजा और डमरू दल इसकी शोभा बढ़ा रहे थे. वहीं महिला व पुरुष श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए चल रहे थे. रास्ते में कई जगहों पर दही हांडी लगाई गई थी. इसे फोड़ने के लिए बच्चों का समूह बेहद उत्साहित रहा. रथ पर भगवान की प्रतिमा विराजमान थी. शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए महमूरगंज स्थित श्रृंगेरी मठ पहुंची. श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव के लिए यहां भगवान की भगवान की प्रतिमा को स्थापित किया गया. शाम को 6.30 बजे जन्मोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत तुलसी आरती से होती. इसके बाद गौर आरती, नृसिंह आरती, भजन-कीर्तन, महाभिषेक, महाआरती के रात 12.30 बजे भंडारा होगा. अगले दिन सुबह 11 बजे से व्यास पूजा होगी, दोपहर तीन बजे साहित्य सेवक द्वारा काव्य पाठ. शाम पांच बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम फिर आरती होगी. भक्तों द्वारा भजन संध्या फिर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. रात 8.30 बजे से महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के नाट्यशास्त्र एवं कला संकाय के छात्र-छात्राओं द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का सजीव मंचन होगा. शोभायात्रा में प्रमुख रूप से मनोज त्रिपाठी, चंद्र किशोर सिंह, महेश सिंह, आशीष सिंह, हरि शंकर मौजूद रहे.
