Nandi News

वृहद स्तर पर हरसेवानन्द स्कूल में आयोजित हुआ शिक्षक सम्मान समारोह

Share on Social Media

विद्यार्थियों को सशक्त सक्षम और संस्कारित नागरिक बनाने में सतत् योगदान देते हैं शिक्षक – बाबा प्रकाशध्यानानन्द

वाराणसी। विद्यालय प्रबन्धन ने एक नयी ऊर्जा का संचार करते हुए डॉ० सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन को शिक्षक दिवस के रूप में वृहद स्तर पर मनाकर प्रफुल्लित कर दिया, मौका था शिक्षक दिवस समारोह का।

समारोह की शुरूआत स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल बनपुरवां के प्रांगण में शिक्षाविद् डॉ० सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। शिक्षक दिवस पर शिक्षक सम्मान समारोह के आयोजन में सभी शाखाओं के शिक्षक, शिक्षिका व शिक्षणेत्तर कर्मचारी शामिल होकर आयोजन का लुत्फ उठाते नजर आये। प्रबन्धन की ओर से आमंत्रित प्रत्येक शिक्षक, शिक्षिका व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को पुष्पाहार, अंगवस्त्रम् व उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वाराणसी व सोनभद्र की सभी शाखाओं से आये लगभग 350 शिक्षकों के समूह को सम्मानित कर उन्हें सम्बोधित करते हुए प्रबन्धक बाबा प्रकाशध्यानानन्द ने कहा कि शिक्षक दिवस सिर्फ एक तिथि नहीं, एक दिन नहीं, बल्कि यह हमारे जीवन में शिक्षकों के महत्व को याद दिलाने का अवसर है। शिक्षक न केवल शिक्षा प्रदान करते हैं बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का संवर्धन भी कर रहे हैं। आशा करता हूँ कि वे इसी प्रकार विद्यार्थियों को सशक्त सक्षम और संस्कारित नागरिक बनाने में सतत् योगदान देते रहेंगे।

इस सम्मान समारोह से अभिभूत होकर स्वयं शिक्षक भी अपने आपको रोक नहीं पाये और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति करते हुए नाटक, कजरी, नृत्य तथा गायन शैली में अपनी छटा विखेरी।

इस अवसर पर विद्यालय समूह के प्रधानाचार्यगण सी०एस० सिंह, रचना अग्रवाल,. ए०के० वर्मा, डॉ० रामेश्वर प्रसाद गुप्ता, नीरज श्रीवास्तव सहित सभी शिक्षक, शिक्षिका व शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वागत भाषण बनपुरवां शाखा के प्राचार्य डॉ० अजय कुमार चौबे व कार्यक्रम का संचालन छात्राद्वय हर्षिता एवं श्रेया ने तथा धन्यवाद ज्ञापन छात्रावास अधीक्षक ले० एम०एस० यादव (रि०) ने किया।

Leave a Comment