Nandi News

वृक्ष संरक्षण हमारी जिम्मेदारी है : प्रकाश ध्यानानंद

Share on Social Media


वाराणसी।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वामी हर सेवा नंद पब्लिक स्कूल, बनपुरवा रमना, वाराणसी में गुरुवार को भव्य वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक बाबा प्रकाश ध्यानानंद जी के मुख्य आतिथ्य में विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर 91 एनसीसी बटालियन एवं 97 बटालियन के कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना रहा।
अपने संबोधन में बाबा प्रकाश ध्यानानंद जी ने कहा कि “वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं, बल्कि समस्त जीव जगत के जीवन का आधार हैं। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब हम वृक्षों के संरक्षण का संकल्प भी लें। पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी का नैतिक और सामाजिक दायित्व है।”
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं तथा अपने आसपास हरित वातावरण के निर्माण में योगदान दें।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार चौबे, लेफ्टिनेंट हवलदार यादव, शशिकांत शर्मा, तृप्ति शुक्ला, अमित कुमार, हेमा चौबे सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों की सुरक्षा का संकल्प लेते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।

Leave a Comment