Nandi News

ब्लैकमेलिंग से तंग आकर युवती ने की थी आत्महत्या, आरोपी गिरफ्तार

Share on Social Media

पिंडरा ।

सिंधोरा पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में वांछित युवक को मंगलवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवती को उसके निजी फोटो और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था, जिससे परेशान होकर युवती ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली थी।

मुखबिर की सूचना पर ग्राम बालकिशुनपुर, थाना चोलापुर निवासी प्रवीण पटेल उर्फ बाबू (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ पति रोहित पटेल के तहरीर पर सिंधोरा थाने में धारा 108 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका से विवाह पूर्व उसके प्रेम संबंध थे तथा उसके पास युवती के कुछ निजी फोटो और वीडियो थे। युवती के विवाह के बाद भी वह उससे संबंध बनाए रखना चाहता था। इसी कारण वह लगातार फोन कर उसे परेशान करता था और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देता था।

मृतका के पति ने सिंधोरा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि प्रवीण पटेल उनकी पत्नी को लगातार ब्लैकमेल करता था। वह सोशल मीडिया और परिजनों के बीच निजी फोटो व वीडियो प्रसारित करने की धमकी देता था तथा गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देकर मानसिक उत्पीड़न करता था। आरोप है कि इसी प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर युवती ने 14 मई 2026 को विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना की। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Comment