Nandi News

SFD, काशी हिंदू विश्वविद्यालय इकाई द्वारा “मिशन मधुबन” व Sunday for BHU के अंतर्गत पोखरा संरक्षण अभियान आयोजित

Share on Social Media

वाराणसी, मिशन मधुबन व Sunday for BHU अभियान के अंतर्गत स्टूडेंट्स फॉर डेवलपमेंट (SFD), काशी हिंदू विश्वविद्यालय इकाई द्वारा आज मधुबन स्थित पोखरे में विशेष स्वच्छता एवं संरक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान SFD के कार्यकर्ता स्वयं पोखरे में उतरकर उसकी चौतरफा सफाई करते दिखाई दिए। कार्यकर्ताओं ने पोखरे में जमा कचरा, प्लास्टिक एवं गंदगी को हटाकर जल स्रोत को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने का प्रयास किया।

अभियान के दौरान मधुबन परिसर के आसपास भी साफ-सफाई की गई तथा विद्यार्थियों के बीच जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ परिसर के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया गया।

बता दें कि SFD के कार्यकर्ता पिछले महीने भर से मधुबन के संरक्षण हेतु स्वयं अपना सर्वस्व लगाकर लगातार कार्य कर रहे हैं, किंतु चिंता का विषय यह है कि विश्वविद्यालय प्रशासन के कानों पर इस विषय को लेकर जू तक नहीं रेंग रही है।

SFD इकाई अध्यक्ष पल्लव सुमन ने कहा कि “मिशन मधुबन अभियान का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि मधुबन को पुनः उसकी पुरानी गरिमा, स्वच्छता एवं सुंदरता प्रदान करना है। यह अभियान विद्यार्थियों के भीतर अपने विश्वविद्यालय एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का भी प्रयास है। मधुबन BHU की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है और इसे संरक्षित रखना हम सभी का दायित्व है।”

वहीं SFD संयोजक मोहित राज गुप्ता ने कहा कि “आज कार्यकर्ताओं ने स्वयं पोखरे में उतरकर सफाई की, जिससे यह संदेश जाए कि समाज एवं परिसर की जिम्मेदारी हम सभी की है। मधुबन का संरक्षण जल, पर्यावरण एवं जैव विविधता संरक्षण से भी जुड़ा हुआ विषय है। ‘Sunday for BHU’ के माध्यम से हम विश्वविद्यालय परिसर में सकारात्मक परिवर्तन एवं जनभागीदारी का वातावरण तैयार करने का प्रयास कर रहे हैं व आने वाले समय में SFD द्वारा मधुबन में नियमित स्वच्छता अभियान, पौधारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे, ताकि यह स्थान विद्यार्थियों के लिए एक स्वच्छ, हरित एवं प्रेरणादायी वातावरण के रूप में विकसित हो सके।”

अभियान के दौरान मधुबन क्षेत्र में स्थित सार्वजनिक सुविधाओं एवं वॉशरूम की स्थिति को बेहतर बनाने तथा पूरे क्षेत्र को स्वच्छ, हरित एवं आकर्षक स्वरूप देने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने नियमित रूप से मिशन मधुबन अभियान से जुड़कर परिसर संरक्षण हेतु कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Comment