
- मधुमेह से हृदय, किडनी, मस्तिष्क एवं नेत्रों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों सहित एनेस्थीसिया संबंधी सावधानियों एवं आईसीयू प्रबंधन पर विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
- 689 लोगों ने उठाया निःशुल्क ब्लड शुगर परीक्षण का लाभ
विश्व डायबिटीज दिवस के अवसर पर इस वर्ष की थीम “Early Action on Diabetes” के अंतर्गत एपेक्स ग्रुप के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह के संरक्षण में एपेक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं पीजीआई, एपेक्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग तथा एपेक्स एलाइड हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क ब्लड शुगर परीक्षण एवं विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मधुमेह की समय पर पहचान, रोकथाम, प्रभावी उपचार एवं इससे हृदय, किडनी, मस्तिष्क, नेत्र सहित शरीर के विभिन्न महत्वपूर्ण अंगों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
जागरूकता सत्र का शुभारंभ मेडिकल सर्जिकल नर्सिंग फैकल्टी प्रो. शरथ चंद्रन ने विश्व डायबिटीज दिवस की थीम प्रस्तुत करते हुए किया। विशेषज्ञ व्याख्यानों की श्रृंखला में मधुमेह विशेषज्ञ एवं फिजीशियन डॉ. रोहित सिंह ने डायबिटीज की नवीनतम जानकारी साझा करते हुए मोटापा एवं तनाव को मधुमेह के उभरते जोखिम कारकों, कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अकदस मुमताज़ ने मधुमेह एवं हृदय रोगों के बीच संबंध तथा हृदय संबंधी जटिलताओं से बचाव, नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. निवेदिता पंडित ने मधुमेह न होने देने के लिए आवश्यक सावधानियों के साथ डायबिटीज के कारण किडनी पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों, नियमित जाँच एवं किडनी स्वास्थ्य की सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
इसी क्रम में डायटीशियन अन्वेशा मजूमदार ने मधुमेह की रोकथाम एवं नियंत्रण में संतुलित पोषण व उचित खानपान की भूमिका समझाई। एलाइड हेल्थकेयर फैकल्टी आयुषी सिंह ने डायबिटीज से पीड़ित मरीजों में सर्जरी के दौरान एनेस्थीसिया संबंधी विशेष सावधानियों, ब्लड शुगर मॉनिटरिंग तथा क्रिटिकल केयर आईसीयू प्रबंधन के महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी साझा की।
इस अवसर पर अस्पताल के सभी ओपीडी प्रतीक्षा क्षेत्रों में मरीजों, तीमारदारों, वरिष्ठ नागरिकों, पारिवारिक देखभालकर्ताओं, नर्सिंग एवं हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स सहित आमजन के लिए निःशुल्क ब्लड शुगर परीक्षण एवं जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत कुल 689 लोगों ने निःशुल्क ब्लड शुगर जाँच का लाभ उठाकर अपने रक्त शर्करा स्तर की जानकारी प्राप्त की।