वाराणसी के कंदवा एवं सोनकर बस्ती में जरूरतमंद बच्चों को वितरित किए दीपक, पटाखे और मिठाइयाँ वाराणसी। दीपावली का पर्व केवल घरों को रोशन करने का नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियाँ बिखेरने का भी अवसर है। इसी भावना को साकार करते हुए हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जरूरतमंद बच्चों के बीच दीपावली की खुशियाँ बाँटी गईं। फाउंडेशन की ओर से शहर के कंदवा एवं प्रधानमंत्री कार्यालय के समीप स्थित सोनकर बस्ती में खंड विकास अधिकारी श्री राजकुमार सिंह एवं श्री प्रदीप मोदनमल द्वारा जरूरतमंद बच्चों को दीपक, पटाखे एवं मिठाइयाँ वितरित की गईं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान ने इस आयोजन को भावनात्मक और यादगार बना दिया। इस अवसर पर बच्चों के साथ दीपावली की खुशियाँ साझा करते हुए सामाजिक सहभागिता, आपसी प्रेम और मानवीय संवेदनाओं का संदेश दिया गया। आयोजन का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी त्योहार की खुशियों से जोड़ना और उन्हें यह एहसास कराना था कि समाज उनकी खुशियों में सहभागी है। हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन की इस मानवीय पहल ने यह संदेश दिया कि दीपावली की वास्तविक सार्थकता केवल अपने घरों को रोशन करने में नहीं, बल्कि उन चेहरों पर मुस्कान लाने में है, जिनके लिए त्योहार की छोटी-छोटी खुशियाँ भी बहुत मायने रखती हैं। इस अवसर पर फाउंडेशन के सक्रीय सदस्य एवं समाजसेवी राहुल राय, बबलू बिन्द, ओंकार नाथ, देवेंद्र सिंह, हिमांशु त्रिपाठी एवं वैभव श्रीवास्तव सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे और बच्चों के साथ दीपावली की खुशियाँ साझा कीं।