माँ ने किडनी दान कर 24 वर्षीय बेटे को दिया दूसरा जीवन


एपेक्स हॉस्पिटल किडनी ट्रांसप्लांट सेंटर, भिखारीपुर, वाराणसी में चेयरमैन प्रो डॉ एसके सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में सफल किडनी प्रत्यारोपण के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर बेटे एवं माँ को स्थिर अवस्था में पुष्पगुच्छ एवं पुष्प-वर्षा करते हुए अस्पताल से छुट्टी दी गई। नवरात्रि के दौरान संपन्न यह प्रत्यारोपण माँ की ममता, परिवार के विश्वास और चिकित्सा टीम के समर्पण की प्रेरक मिसाल बना। माँ ने किडनी दान कर बेटे को नई शुरुआत का अवसर दिया, वहीं ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ पुनीत कुमार, नेफरोलॉजिस्ट डॉ निवेदिता पंडित एवं एनेस्थेसियोलॉजिस्ट डॉ अभिषेक सिंह एवं कोऑर्डिनेटर सनी, प्रबंधक संदीप एवं मनमोहन के अनुभवी नेतृत्व में ट्रांसप्लांट टीम, एनेस्थीसिया विशेषज्ञों, नर्सिंग एवं ऑपरेशन थिएटर के कर्मचारियों ने समन्वित प्रयासों से संपादित सफल किड्नी ट्रांसप्लान्ट, उपचार और प्रत्यारोपण के बाद की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अस्पताल से विदाई के समय परिजनों ने चिकित्सा टीम एवं अस्पताल के प्रति आभार व्यक्त किया। बेटे का स्वस्थ होकर घर लौटना परिवार के लिए राहत, खुशी और नई उम्मीद का भावुक क्षण रहा। इस अवसर पर चेयरमैन प्रो डॉ एसके सिंह ने माँ के साहस और निःस्वार्थ प्रेम को नमन करते हुए माँ-बेटे, दोनों के स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की। डिस्चार्ज के दौरान चिकित्सा टीम ने नियमित फॉलोअप, निर्धारित दवाओं के समय पर सेवन, स्वच्छता और संक्रमण से बचाव संबंधी आवश्यक निर्देश दिए। किडनी प्रत्यारोपण के बाद निरंतर चिकित्सकीय निगरानी और उपचार संबंधी सलाह का पालन स्वास्थ्य लाभ के लिए अत्यंत आवश्यक है।