1-2 नवंबर को वाराणसी में आयोजित होगी नई पीढ़ी वर्कशॉप
वर्कशॉप की तैयारी को लेकर रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान (रोसा) की बैठक संपन्न
वाराणसी, 13 अक्टूबर 2026। देश में भाजपा नेतृत्व की सरकार ने संवैधानिक लोकतंत्र के समक्ष गंभीर खतरा पैदा कर दिया है। संविधान के विरुद्ध अनधिकृत कार्रवाई करते हुए पूरे देश में एसआईआर लागू किया गया और नए मतदाताओं को जोड़ने वाले फॉर्म-6 में बदलाव कर दिया गया। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने में पूरी सरकार लगी हुई है। इसके विरोध में आवाज उठाने वाले युवाओं और विपक्ष पर दमन किया जा रहा है तथा सामान्य लोकतांत्रिक गतिविधियों की भी अनुमति नहीं दी जा रही है।
दरअसल, आरएसएस की विचारधारा, भाजपा की राजनीति और कॉर्पोरेट जगत के निहित स्वार्थ देश में संवैधानिक लोकतंत्र को कमजोर करने पर आमादा हैं। ऐसे में संवैधानिक लोकतंत्र की रक्षा के आंदोलन को बड़े शहरों के साथ-साथ गांवों और कस्बों तक ले जाना बेहद जरूरी है।
यह बात रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान (रोसा) की ओर से वाराणसी के नदेसर में आयोजित बैठक में अभियान के राष्ट्रीय संयोजक एवं ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के संस्थापक सदस्य श्री अखिलेन्द्र प्रताप सिंह ने कही।
बैठक में वाराणसी सहित पूर्वांचल के 10 जिलों के नई पीढ़ी के प्रतिनिधियों की भागीदारी से आगामी 1-2 नवंबर को वाराणसी में आयोजित होने वाली नई पीढ़ी वर्कशॉप की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
वर्कशॉप में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार की राजनीतिक अर्थव्यवस्था; प्राथमिक शिक्षा की चुनौतियां; नई शिक्षा नीति के संदर्भ में उच्च शिक्षा का संकट; प्रदेश में ऋण-जमा अनुपात एवं बचत के निवेश का संकट; माइक्रोफाइनेंस कंपनियों द्वारा महिला स्वयं सहायता समूहों का आर्थिक शोषण; आदिवासियों के मूल अधिकार एवं पहचान का सवाल तथा अति पिछड़े वर्ग के समक्ष मौजूद आर्थिक और राजनीतिक चुनौतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। प्रख्यात अर्थशास्त्री प्रोफेसर अरुण कुमार वर्कशॉप के प्रमुख वक्ता होंगे।
बैठक में श्री अखिलेन्द्र प्रताप सिंह ने सोनभद्र, चंदौली और मिर्जापुर के अपने हालिया दौरों के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि इन जिलों में ग्रामीण स्तर के कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और सामाजिक सरोकार रखने वाले नागरिकों के साथ संवाद किया गया। विशेष रूप से मिर्जापुर में समाजवादी विचारधारा से जुड़े अरुण मिश्रा, शरद मेहरोत्रा सहित अनेक अधिवक्ताओं के साथ चर्चा हुई। बैठक में पूर्वांचल के अन्य जिलों में भी दौरा कर जनसंवाद को आगे बढ़ाने की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक की अध्यक्षता रोसा के सलाहकार मंडल के अध्यक्ष श्री विजय शंकर पांडेय ने की तथा संचालन डॉ. शम्मी कुमार सिंह ने किया। रोसा के मीडिया प्रभारी आनन्द मिश्रा ने उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे: कुंवर सुरेश सिंह, अनिल श्रीवास्तव, वीरेंद्र कपूर, डॉ. अनिल पांडेय, अरविंद किशोर राय, दिनकर कपूर, राणा रोहित, ए.के. लारी, दिलीप चौबे, कमलाकांत पांडेय, सोनू चौबे, योगीराज सिंह पटेल , रूप किशोर सिंह,कुमार प्रशांत, राजर्षि सोनी, शुभम सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
