
वाराणसी, 7 अक्टूबर, 2026। मुंशी प्रेमचंद स्मारक एवं शोध संस्थान, लमही में हिंदी के शीर्ष कथाकार प्रेमचंद की पुण्यतिथि 8 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 3 बजे, उनकी स्मृति में विशेष आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर अतिथि वक्ता ज्योतिष जोशी (नई दिल्ली) ‘प्रेमचंद और जैनेंद्र : अंतरंग जीवन के साक्ष्य’ और वैभव सिंह (नई दिल्ली) ‘आधुनिकता और प्रेमचंद’ विषय पर वक्तव्य देंगे। लमही स्थित संस्थान के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी करेंगे। इस मौके पर तैयार की गई संस्थान की बेवसाइट का लोकार्पण और संस्थान के परामर्श से राज्य हिंदी संस्थान उ.प्र. द्वारा प्रेमचंद की कहानी ‘पंच परमेश्वर’ पर निर्मित फ़िल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा।कार्यक्रम में कला संकाय प्रमुख प्रो. सुषमा घिल्डियाल उपस्थित रहेंगी। संस्थान के समन्वयक प्रो. नीरज खरे कार्यक्रम की प्रस्तावना और स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत करेंगे।उल्लेखनीय है कि संस्थान में जुलाई माह से प्रेमचंद जयंती पर तीन दिवसीय समारोह के साथ इस सत्र के विविध आयोजनों की श्रृंखला आरम्भ की गई है। राजभाषा मास के अंतर्गत प्रेमचंद की परंपरा के कथाकार शिवमूर्ति के कहानी पाठ के अलावा राज्य हिंदी संस्थान उ. प्र. के सहयोग से विशेष आयोजन किया गया था। इस क्रम में कथा सम्राट की पुण्यतिथि पर यह आयोजन लमही स्मारक में किया जा रहा है।