

वाराणसी, 5 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब वाराणसी कबीर द्वारा कम्पोजिट विद्यालय, लोलार्क कुंड, भदैनी में “गुरु सम्मान – ज्ञान से समाज निर्माण तक” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज और राष्ट्र के निर्माण में शिक्षकों के अमूल्य योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना एवं उन्हें सम्मानित करना था।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती उषा तिवारी, शिक्षिका श्रीमती सीमा खत्री, शिक्षिका श्रीमती शिप्रा श्रीवास्तव एवं शिक्षक श्री वीरेश कुमार मिश्रा को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने अपने गुरुजनों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया, जिससे कार्यक्रम का वातावरण भावुक एवं संस्कारपूर्ण हो गया। सभी उपस्थित सदस्यों ने भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को भी श्रद्धापूर्वक याद किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए रोटरी क्लब वाराणसी कबीर के अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. अजय दुबे ने सभी शिक्षकों, विद्यालय परिवार एवं रोटेरियन सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा, “शिक्षक केवल शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि वे बच्चों के चरित्र, संस्कार और भविष्य का निर्माण करते हैं। गुरु का सम्मान वास्तव में ज्ञान, संस्कार और आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का सम्मान है। रोटरी क्लब वाराणसी कबीर समाज में ऐसे प्रयासों के माध्यम से स्थायी सकारात्मक प्रभाव पैदा करने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।”
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती उषा तिवारी ने रोटरी क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “शिक्षकों का सम्मान विद्यार्थियों में गुरु के प्रति आदर और संस्कार की भावना को मजबूत करता है। रोटरी क्लब द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम शिक्षकों के लिए सम्मान के साथ-साथ बच्चों के लिए भी एक महत्वपूर्ण सीख है।”
कार्यक्रम के संयोजक रोटेरियन सुनील राय ने कहा कि “शिक्षक समाज की वह मजबूत नींव हैं, जिस पर संस्कारित और सशक्त भविष्य का निर्माण होता है। उनके सम्मान का अवसर हम सभी के लिए गौरव का विषय है।”
सह-संयोजक रोटेरियन अशोक कुमार मौर्या ने कहा, “गुरु के प्रति सम्मान हमारी भारतीय संस्कृति की महान परंपरा है। बच्चों द्वारा अपने शिक्षकों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेना इस परंपरा का सुंदर उदाहरण है।”
कार्यक्रम के अंत में रोटेरियन अमर चंद अग्रवाल ने सभी शिक्षकों, विद्यालय परिवार, बच्चों, अतिथियों एवं रोटेरियन सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में रोटेरियन पवन केशरी, रोटेरियन अशोक राय, रोटेरियन अमर चंद अग्रवाल, रोटेरियन सी.के. गांगुली, रोटेरियन आदित्य रैना सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर रोटरी क्लब वाराणसी कबीर ने “सेवा स्वयं से ऊपर” और “स्थायी प्रभाव पैदा करें” की भावना के साथ शिक्षकों के सम्मान एवं भावी पीढ़ी के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।