Nandi News

अंतर्राष्ट्रीय स्पाइनल कॉर्ड इंजरी दिवस पर एपेक्स में निःशुल्क स्पाइन सर्जरी परामर्श शिविर

Share on Social Media

198 लोगों की हुई BMD जाँच, 45 मरीजों ने लिया निःशुल्क स्पाइन विशेषज्ञ परामर्श

अंतर्राष्ट्रीय स्पाइनल कॉर्ड इंजरी दिवस के अवसर पर एपेक्स हॉस्पिटल एडवांस्ड स्पाइन सेंटर, वाराणसी में निःशुल्क बोन मिनरल डेंसिटी (BMD) जाँच एवं स्पाइन परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। एपेक्स के चेयरमैन एवं वरिष्ठ स्पाइन सर्जन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह के संरक्षण में “जागरूकता से सुरक्षा की ओर” संदेश पर केंद्रित इस शिविर में कुल 198 लोगों की BMD जाँच की गई तथा 45 मरीजों ने आगामी माह में होने वाली निःशुल्क स्पाइन सर्जरी हेतु विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठाया। स्पाइन सर्जन टीम के डॉ. स्वरूप पटेल एवं डॉ. अमन वर्मा तथा स्पाइन सर्जरी के सीनियर रेजिडेंट्स डॉ. नितिन चौधरी, डॉ. बासित एवं डॉ. शशिधर, क्लीनिकल असिस्टेंट डॉ प्रवेश, जूनियर रेजीडेंट्स डॉ अमित, डॉ अपूर्व, डॉ मयंक ने मरीजों की जाँच कर रीढ़ संबंधी समस्याओं, हड्डियों की कमजोरी, ऑस्टियोपोरोसिस तथा स्पाइनल इंजरी से बचाव के विषय में उचित परामर्श दिया।
विशेषज्ञों ने बताया कि ऑस्टियोपोरोसिस के कारण हड्डियाँ कमजोर हो जाती हैं, जिससे मामूली चोट अथवा गिरने या छींकने पर भी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर और गंभीर जटिलताओं का जोखिम बढ़ सकता है। समय पर BMD जाँच, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त कैल्शियम एवं विटामिन-डी तथा चिकित्सकीय परामर्श से इस जोखिम को कम किया जा सकता है।
प्रो. डॉ. एस.के. सिंह ने कहा कि स्पाइनल कॉर्ड इंजरी के प्रति जागरूकता, समय पर पहचान और उचित उपचार व्यक्ति को गंभीर दिव्यांगता से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से रीढ़ में लगातार दर्द, कमजोरी, सुन्नपन, चलने में कठिनाई अथवा संतुलन की समस्या को नजरअंदाज न करते हुए शीघ्र स्पाइन विशेषज्ञ से परामर्श लेने की अपील की।
शिविर के सफल आयोजन में एडवांस्ड स्पाइन सेंटर की चिकित्सकीय, नर्सिंग, तकनीकी एवं सहयोगी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Comment