
वाराणसी। शिक्षक दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ वाराणसी सृष्टि द्वारा सिटी प्राइड मोंटेसरी स्कूल, अन्नपूर्णा शाखा में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के 32 समर्पित एवं कर्मठ शिक्षकों को सम्मानित किया गया। शिक्षकों को सम्मान-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर उनके शिक्षा, संस्कार एवं समाज निर्माण में दिए जा रहे अमूल्य योगदान के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई।

कार्यक्रम में क्लब की पूर्व अध्यक्ष सोनिया महोदया ने अपने संक्षिप्त संबोधन में शिक्षकों के योगदान तथा समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व का निर्माण कर उनके उज्ज्वल भविष्य को भी दिशा प्रदान करते हैं।
विद्यालय के निदेशक व अध्यक्ष सैयद रजीउद्दीन सर ने अपने संबोधन में शिक्षकों के समर्पण, मेहनत और निष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय की सफलता तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने प्रधानाचार्या यामिनी अग्रवाल को शिक्षक दिवस के इस सफल एवं गरिमापूर्ण आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ वाराणसी सृष्टि की सचिव स्नेहा गुप्ता, इनर व्हील क्लब ऑफ वाराणसी एलाइट की अध्यक्ष यमुना जी एवं सचिव रजनी जी उपस्थित रहीं। विद्यालय की ओर से डिप्टी डायरेक्टर फिरदौस सिद्दीकी तथा प्रधानाचार्या यामिनी अग्रवाल की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में शिक्षक दिवस की अवसर पर आफ़रीन ज़हरा, तंजीला बेगम, रहीबा परवीन, जीनत हया, तमन्ना नसीम, तूशिबा खान, हर्ष सिंह, नूरी अक्सा, हैदा परवीन, शालू गुप्ता, आयुषी, नैना खन्ना, नीतू यादव एवं शिफा , शमा परवीन व मीनाक्षी चौरसिया सहित सिटी प्राइड मोंटेसरी स्कूल की अन्नपूर्णा ,लल्लापुरा, सिगरा शाखा के शिक्षको को भी सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान सभी उपस्थित सदस्यों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की और उनके अमूल्य योगदान को सराहा। 32 शिक्षकों का सम्मान समारोह शिक्षक समुदाय के प्रति आदर, आभार और सम्मान की भावना को समर्पित रहा।