Nandi News

स्वामी हरशंकरानन्दजी हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेन्टर में जटिल ओवरी कैंसर का सफल ऑपरेशन, 10 किलो का ट्यूमर निकला, मरीज पूर्णतः स्वस्थ

Share on Social Media

Date 22 जून, 2026

वाराणसी। नेवादा सुन्दरपुर स्थित स्वामी हरशंकरानन्दजी हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेन्टर, में चिकित्सकों ने एक अत्यन्त जटिल ओवरी कैंसर का सफल ऑपरेशन कर चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिला बलिया के सन्दवापुर, बनहरा, निवासिनी 55 वर्षीय गीता देवी के पेट में लगभग 10 किलोग्राम वजनी ट्यूमर था, जिससे वे लम्बे समय से असहनीय दर्द और गम्भीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थी।

अस्पताल के वरिष्ठ जनरल एवं कैंसर रोग विशेषज्ञ, सर्जन डा० जितेन्द्र प्रसाद यादव के कुशल नेतृत्व में इस चुनौतीपूर्ण शल्य क्रिया को सफलता पूर्वक सम्पन्न किया गया। ऑपरेशन के दौरान सुभाष शंकरा लिंघम ने एनेस्थीसिया विशेषज्ञ के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस जटिल शल्य क्रिया में राममूरत, संगीता यादव, डा० यशवेन्द्र, डा० आलोक, नरेश यादव तथा डा० विक्रान्त का भी उल्लेखनीय सहयोग रहा।

सफल ऑपरेशन के बाद मरीज गीता देवी पूरी तरह स्वस्थ है और दर्द से मुक्त होकर सामान्य जीवन की ओर लौट रही हैं। उनके परिजनों ने चिकित्सकों एवं अस्पताल परिवार के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।

संतमत अनुयायी आश्रम मठ गड़वाघाट ट्रस्ट द्वारा संचालित इस अस्पताल के प्रबन्धक प्रकाशध्यानानन्द ने पूरी चिकित्सा टीम को इस उल्लेखनीय सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि अस्पताल का उद्देश्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं मानवीय उपचार उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अस्पताल भविष्य में भी इसी समर्पण और उत्कृष्टता के साथ जन-सेवा करता रहेगा।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग

Leave a Comment