Nandi News

अपहरण एवं गुमशुदगी मामलों की समीक्षा,डीसीपी गोमती जोन ने दिए सख्त निर्देश

Share on Social Media

वाराणसी। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन श्रीमती नीतू कादयान ने पुलिस कार्यालय बाबतपुर में गोमती जोन के समस्त अपहरण एवं गुमशुदगी संबंधी प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित कर विवेचकों एवं जांच अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। बैठक के दौरान लंबित अपहरण अभियोगों एवं गुमशुदगी के मामलों की विस्तृत समीक्षा करते हुए डीसीपी ने प्रत्येक प्रकरण की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपहृत एवं गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी,त्वरित एवं परिणामोन्मुख कार्रवाई की जाए। श्रीमती कादयान ने कहा कि जांच में उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों,सीसीटीवी फुटेज,मोबाइल लोकेशन तथा अन्य आधुनिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जाए। साथ ही संभावित स्थानों पर लगातार दबिश एवं खोजबीन की कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से ऐसे जटिल मामलों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा,जिनमें अभी तक कोई ठोस सुराग प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे मामलों में परिजनों,रिश्तेदारों,मित्रों एवं अन्य परिचितों से नियमित संपर्क स्थापित कर विस्तृत जानकारी एकत्रित करने तथा प्राप्त प्रत्येक महत्वपूर्ण सूचना का तत्काल सत्यापन कर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीसीपी गोमती जोन ने जांच अधिकारियों को परिजनों के साथ सतत संवाद बनाए रखने,उनकी सूचनाओं को जांच में शामिल करने तथा प्रत्येक मामले की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त बरामदगी के लिए किए जा रहे प्रयासों एवं प्रकरणों की प्रगति का दैनिक विवरण उपलब्ध कराने को कहा गया। बैठक के अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों को अपहरण एवं गुमशुदगी के मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए संवेदनशीलता,गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए,ताकि गुमशुदा एवं अपहृत व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी कर उन्हें सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द किया जा सके।

Leave a Comment