
उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के कैंट थाना क्षेत्र में गुरुवार (18 जून 2026) को एक बेहद खौफनाक सड़क हादसा होते-होते टल गया। चौकाघाट से पुलिस लाइन जाने वाले मुख्य मार्ग पर वाराणसी ट्रेड सेंटर के ठीक सामने एक ट्रैक्टर पर लदा लोहे का लंबा सरिया अचानक आगे चल रही कार का पिछला शीशा चीरते हुए अंदर जा घुसा। गनीमत यह रही कि इस भयानक मंजर के बावजूद कार चला रहे बैंक कर्मी पूरी तरह सुरक्षित बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के मुताबिक, एक ट्रैक्टर पर लोहे के लंबे-लंबे सरिए लदे हुए थे, जिन्हें बिना किसी सुरक्षा मानकों के लापरवाही से ले जाया जा रहा था। वाराणसी ट्रेड सेंटर के पास जैसे ही ट्रैक्टर चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, सरियों का एक भारी बंडल आगे की तरफ फिसल गया। यह सरिया इतनी रफ्तार और ताकत से आगे बढ़ा कि आगे चल रही कार के पिछले हिस्से के शीशे को चकनाचूर करते हुए गाड़ी के भीतर तक घुस गया।बताया जा रहा है कि क्षतिग्रस्त कार एचडीएफसी (HDFC) बैंक की लंका शाखा के एक कर्मचारी की है। हादसे के वक्त कार में केवल चालक ही मौजूद था और सरिया पिछली सीट की तरफ से अंदर घुसा, जिसके कारण कार चालक की जान चमत्कारिक रूप से बच गई।
व्यस्ततम मार्ग पर हुए इस अजीबोगरीब हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एडीसीपी (ADCP) ट्रैफिक अंशुमान मिश्र तुरंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सूझबूझ से काम लेते हुए कार के शीशे में फंसे भारी सरिए को बाहर निकलवाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को साइड कराकर यातायात को दोबारा सुचारु कराया।