Nandi News

हॉस्टल विवाद पर उबाल :काशी विद्यापीठ में छात्रों ने कुलपति कार्यालय घेरा, प्रशासन से हुई तीखी बहस

Share on Social Media

वाराणसी

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रावास खाली कराने की कार्रवाई को लेकर बुधवार को छात्रों का आक्रोश खुलकर सामने आया। दोपहर करीब 3 बजे बड़ी संख्या में छात्र कुलपति कार्यालय पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कुलपति समेत विश्वविद्यालय अधिकारियों का घेराव किया।

प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। छात्रों और चीफ प्रॉक्टर के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिससे स्थिति गरमा गई। सूचना पर विश्वविद्यालय प्रशासन और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे तथा छात्रों को शांत कराने का प्रयास किया।

छात्रों का आरोप है कि उन्हें बिना पर्याप्त पूर्व सूचना के छात्रावासों से बाहर किया जा रहा है। उनका कहना है कि कार्रवाई की जद में ऐसे छात्र भी आ गए हैं जो वैध रूप से छात्रावास में रह रहे थे। छात्रों ने मांग की कि हॉस्टल खाली कराने की पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष समीक्षा कर प्रभावित छात्रों को राहत दी जाए।

वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई केवल छात्रावासों में अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ की जा रही है। कुलपति ने छात्रों से वार्ता के दौरान स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य पात्र और नियमित छात्रों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जिन छात्रों को कार्रवाई से परेशानी हुई है, उनकी शिकायतों की जांच कर उचित समाधान निकाला जाएगा।

गौरतलब है कि हाल ही में विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में छात्रावासों के 49 कमरों को कथित अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया था। इसी कार्रवाई के बाद छात्र संगठनों में नाराजगी बढ़ गई है और मामले को लेकर विरोध-प्रदर्शन का सिलसिला जारी है।

Leave a Comment