
सनबीम वीमेंस कॉलेज वरुणा में ‘लाईसियम 2026 – आदर्श संयुक्त राष्ट्र एवं युवा संसद’ के दो दिवसीय आयोजन का भव्य शुभारंभ उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। 1 एवं 2 सितंबर 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में 17 महाविद्यालयों के लगभग 220 विद्यार्थियों ने लाईसियम के छः अलग अलग कमेटियों में प्रतिभाग किया ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि अधिवक्ता स्नेहा सिंह, सर्वोच्च न्यायालय एवं बॉम्बे उच्च न्यायालय की अधिवक्ता, रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, आत्मविश्वास तथा संवाद-कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर सनबीम समूह की निदेशिका श्रीमती अमृता वर्मन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, तार्किक चिंतन और समसामयिक विषयों की गहरी समझ विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों को पूरे उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ अपनी प्रतिभा और विचारों को प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सनबीम समूह के ऑनरेरी निदेशक श्री हर्ष मधोक ने उत्साहवर्धक एवं प्रेरणादायी उद्बोधन देते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आज के युवा ही भविष्य के सशक्त नेतृत्व की आधारशिला हैं।
उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं। नृत्य, संगीत एवं अन्यप्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग का वातावरण बना दिया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने आदर्श संयुक्त राष्ट्र एवं युवा संसद की विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों और युवा सांसदों की भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों ने समसामयिक एवं वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
महाविद्यालय की प्रशासनिक अधिकारी डॉ शालिनी सिंह ने कहा कि‘लाईसियम 2026’ विद्यार्थियों को केवल अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर ही नहीं दे रहा, बल्कि उन्हें नेतृत्व, अभिव्यक्ति, तर्क-वितर्क, निर्णय क्षमता और लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने का एक सशक्त मंच भी प्रदान कर रहा है। उद्घाटन सत्र ने पूरे आयोजन को ऊर्जा, उत्साह और प्रेरणा से भर दिया।
महाविद्यालय भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आयोजित करता रहेगा।