Nandi News

शरतचंद्र चट्टोपाध्याय की 150वीं जयंती की पूर्व संध्या पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता

Share on Social Media


वाराणसी, 14 सितंबर।
प्रसिद्ध बंगला साहित्यकार शरतचंद्र चट्टोपाध्याय की 150वीं जयंती की पूर्व संध्या पर आर्य महिला पी.जी. कॉलेज, वाराणसी के बंगला विभाग द्वारा उनकी लघुकथाओं पर आधारित पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शरतचंद्र की कहानियों के कथ्य, पात्रों, सामाजिक सरोकारों तथा मानवीय संवेदनाओं को पोस्टरों के माध्यम से रचनात्मक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में प्रोफेसर बिंदु लाहिड़ी ने अपने उद्बोधन में शरतचंद्र के साहित्य की मानवीय संवेदना, सामाजिक सरोकार और जीवन-दृष्टि पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को साहित्य को केवल पढ़ने के बजाय उसके अंतर्निहित भावों, विचारों और सामाजिक संदर्भों को समझने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में प्रस्तुत प्रत्येक पोस्टर का डॉ. स्वप्ना बंद्योपाध्याय ने बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके पोस्टरों के विषय और रचनात्मक दृष्टिकोण पर संवाद करते हुए उनकी प्रस्तुतियों की विशेषताओं पर चर्चा की तथा यह भी बताया कि पोस्टरों को और अधिक प्रभावशाली, स्पष्ट एवं कलात्मक कैसे बनाया जा सकता है। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति को बेहतर बनाने के लिए उपयोगी सुझाव प्राप्त हुए।
पोस्टरों में शरतचंद्र के साहित्य में अभिव्यक्त मानवीय संवेदना, सामाजिक विषमता, नारी-जीवन, संघर्ष और तत्कालीन समाज की विभिन्न समस्याओं को प्रभावशाली रूप में उकेरा गया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने साहित्य और कला के सुंदर समन्वय के साथ शरतचंद्र की रचनाओं के सामाजिक एवं मानवीय पक्ष को समझने का प्रयास किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. सुकुमार बर्मन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
बंगला विभाग की यह पहल विद्यार्थियों में साहित्य के प्रति रुचि जागृत करने के साथ-साथ उनकी चिंतन-शक्ति, कल्पनाशक्ति, अभिव्यक्ति-कौशल एवं सृजनात्मक प्रतिभा के विकास की दिशा में एक सार्थक प्रयास रही।

Leave a Comment