
मोक्ष सदन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट, वाराणसी द्वारा दत्तपीठ आश्रम, बागहाड़ा, केदार घाट में आयोजित “गुरु कृपा पंचदिवसीय लोककल्याण कार्यक्रम” आज जल सेवा महोत्सव के साथ सफलतापूर्वक एवं भव्य रूप से संपन्न हो गया।
कार्यक्रम के अंतिम दिवस मुख्य अतिथि के रूप में श्री के. वेंकट रमन घनपाठी जी पधारे। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वचन प्रदान करते हुए जनसेवा, धर्मसेवा एवं सांस्कृतिक एकता के क्षेत्र में संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा भविष्य में भी संस्था को हर संभव सहयोग एवं मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर संस्था द्वारा श्रद्धालुओं एवं जनसामान्य के लिए पाँच प्रकार के शीतल पेय एवं रसों के माध्यम से विशेष जल सेवा आयोजित की गई, जिसमें आम का पन्ना, नींबू शरबत, बादाम दूध, दही की छाछ एवं गन्ने का रस वितरित किया गया। भीषण गर्मी में आयोजित इस सेवा का सैकड़ों लोगों ने लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर संस्था की अध्यक्षा श्रीमती उषा रानी जी ने कहा कि यह पंचदिवसीय आयोजन बाबा गौरी केदारेश्वर महादेव, चिंतामणि गणेश जी तथा गुरु कृपा के आशीर्वाद से अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कार्यक्रम में पधारे सभी विशिष्ट अतिथियों, विद्वानों, समाजसेवियों, दानदाताओं, स्वयंसेवकों एवं श्रद्धालुओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान चतुर्वेद पारायण, विद्यार्थी सम्मान, अन्नदान एवं जल सेवा जैसे विविध लोककल्याणकारी आयोजन संपन्न हुए, जिनमें उत्तर एवं दक्षिण भारत के विभिन्न समुदायों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। यह आयोजन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता तथा सेवा-भावना का प्रेरक उदाहरण बना।
मोक्ष सदन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट ने सभी सहयोगियों, शुभचिंतकों एवं श्रद्धालुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए समाजहित एवं लोककल्याण के कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।
