प्रश्नोत्तरी और मनोरंजक गतिविधियों के बीच बच्चों ने उत्साह के
साथ बिताया अवकाश पूर्व अंतिम दिन

वाराणसी। नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल, सुसुवाही परिसर में शुक्रवार को ग्रीष्मावकाश से पूर्व विद्यालय का माहौल उत्साह, उमंग और खुशियों से सराबोर नजर आया। कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा आठ तक के बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेते हुए दिनभर आनंद उठाया। विद्यालय प्रशासन द्वारा आयोजित आइसक्रीम पार्टी ने बच्चों की खुशी को और बढ़ा दिया।
विद्यालय की नर्सरी विंग के नन्हे बच्चों ने खेल-कूद, नृत्य और मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेकर खूब मस्ती की। इसके साथ ही उन्होंने आइसक्रीम का स्वाद लेते हुए छुट्टियों का स्वागत किया। वहीं कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों ने केशव हॉल सभागार में हिंदी, विज्ञान, गणित और सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ गतिविधियों में हिस्सा लिया और बाद में आइसक्रीम पार्टी का आनंद उठाया।
कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों ने कक्षा-कक्ष परीक्षण के उपरांत अपनी-अपनी कक्षाओं में विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लिया। विद्यालय परिसर में पूरे दिन बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय ने बच्चों को ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और मौसम जनित बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मावकाश बच्चों के लिए परिवार के साथ समय बिताने, शैक्षणिक ज्ञान बढ़ाने और स्वयं को बेहतर बनाने का अवसर होता है। उन्होंने बच्चों को खेल-कूद, व्यायाम और स्वस्थ मनोरंजन को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी, ताकि अवकाश के बाद वे नई ऊर्जा और उत्साह के साथ विद्यालय लौट सकें।
विद्यालय से छुट्टी के समय बच्चों के चेहरे पर छुट्टियों और आइसक्रीम पार्टी की खुशी साफ झलक रही थी। सभी बच्चे हंसते-मुस्कुराते अपने घरों को रवाना हुए।
