
वाराणसी
नवनीता कुँवर पब्लिक स्कूल, सुसुवाही के परिसर में सावन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री राजेश कुमार राय, उपाध्यक्ष श्री प्रवीण राय, प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय और कनिष्ठ समन्वयक श्री असीम कुमार घोषाल के कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात शिक्षिका अंशु सिंह ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया।
यह आयोजन बच्चों को हमारी ऋतुओं की विशेषता और लोक संस्कृति से परिचित कराने के उद्देश्य से किया गया था। महोत्सव के दौरान बच्चों ने शिव पूजन, कजरी, गीत, नृत्य, संगीत और पर्यावरण जागरूकता पर आधारित प्रस्तुतियां देकर पूरे उल्लास और जोश के साथ सावन का जश्न मनाया। इसके साथ ही, छात्राओं ने हाथों में मेहंदी लगाकर इस पावन ऋतु के प्रति अपने उत्साह और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय ने बच्चों को पर्यावरण और ऋतुओं से जुड़ी विशेषताओं व उनके महत्व से अवगत कराते हुए कहा, “भारत देश में अनेक ऋतुएं हैं, जिनका अपना विशेष महत्व है। हर ऋतु हमारे पर्यावरण, परिवेश और संस्कृति से हमारा परिचय कराती है। इन्हें समझकर सहेजना ही हमारा मुख्य कर्तव्य है।”
कार्यक्रम का सफल और आकर्षण से भरपूर मंच संचालन शिक्षिका पूर्णिमा सिंह द्वारा किया गया।
