
दो माह तक चलेगा पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री नारायणानंद तीर्थ जी महाराज का चातुर्मास
वाराणसी, 28 जुलाई 2026।
काशी स्थित श्री रामेश्वर मठ में गुरुपूर्णिमा महोत्सव 2026 का आज वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव के प्रथम दिवस पर भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ अमेरिका (USA), कनाडा एवं दुबई सहित विदेशों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने पूज्य गुरुदेव के दर्शन एवं सत्संग का पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर अनंत श्रीविभूषित काशीधर्म पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री नारायणानंद तीर्थ जी महाराज का पावन चातुर्मास भी प्रारंभ हुआ, जो आगामी दो माह तक चलेगा। चातुर्मास अवधि में प्रतिदिन प्रातः एवं सायं सत्संग, धर्मोपदेश, भजन-कीर्तन तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
प्रथम दिवस के सत्संग में पूज्य गुरुदेव भगवान ने गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु केवल ज्ञान का दाता नहीं, बल्कि शिष्य के जीवन का मार्गदर्शक, संस्कारों का संवाहक और आत्मकल्याण का पथ प्रदर्शक होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से धर्म, सेवा, साधना एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर समर्पित रहने का आह्वान किया।
महोत्सव में सिगरा थानाध्यक्ष श्री शिवाकांत मिश्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, संत-महात्मा एवं देश-विदेश से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे मठ परिसर में भक्ति, श्रद्धा एवं आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से आगामी दो माह तक चलने वाले चातुर्मास के सत्संग, धार्मिक अनुष्ठानों एवं भंडारे में सहभागी बनकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।

