
वाराणसी। गुरू पुर्णिमा के पावन अवसर पर दिनांक 29 जुलाई को संतमत अनुयायी आश्रम मठ, गड़वाघाट में श्रद्धालुओं के लिए भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आश्रम पहुँचने की सम्भावना है। पूरे आश्रम परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थायें की गयी है।
आश्रम के सचिव प्रकाशध्यानानन्द ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 29 जुलाई को प्रातः 7.00 बजे परमपूज्य गुरूदेव की समाधि की पूजन से कार्यक्रम का शुभारम्भ होगा। इसके उपरान्त प्रातः 8.00 बजे वर्तमान पीठाधीश्वर परमपूज्य सद्गुरूदेव की मंगल आरती एवं दर्शन का कार्यक्रम होगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए सायं 7.00 बजे तक दर्शन की व्यवस्था रहेगी, जिससे सभी भक्तगण गुरू चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त कर सकें।
सायंकाल 7.30 बजे पुनः समाधि पूजन सम्पन्न होगा। इसके पश्चात् रात्रि 8.00 बजे वर्तमान पीठाधीश्वर परमपूज्य सद्गुरूदेव की भव्य संध्या आरती आयोजित की जायेगी। आरती के उपरान्त श्रद्धालुओं के लिए रात्रि 10.00 बजे तक दर्शन का क्रम जारी रहेगा।
प्रकाशध्यानानन्द ने सभी श्रद्धालुओं एवं गुरू भक्तों से आग्रह किया है कि वे गुरू पूर्णिमा के इस पावन पर्व पर आश्रम पहुँचकर गुरु चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करे। आध्यात्मिक वातावरण का लाभ उठायें तथा सद्गुरूदेव का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन को धन्य बनायें। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओ की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारू दर्शन व्यवस्था के लिए आश्रम द्वारा व्यापक तैयारियाँ की गयी हैं।