Nandi News

199 एकल अभिभावक परिवारों के बच्चों को मिली आधुनिक शिक्षा की नई सौगात

Share on Social Media


कुटुंब समाजोत्थान एवं पुनर्वास संस्थान में पुस्तकालय एवं स्मार्ट क्लास का हुआ उद्घाटन
वाराणसी। कुटुंब समाजोत्थान एवं पुनर्वास संस्थान द्वारा संचालित “कुटुंब किताब” छात्रवृत्ति कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को कुटुंब ग्राम, चुरापुर (बाबतपुर), वाराणसी में एम3एम फाउंडेशन के सहयोग से विकसित आधुनिक पुस्तकालय एवं स्मार्ट क्लास का भव्य उद्घाटन संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री धेर्मेंद्र सिंह (प्रबंधक, श्री युगल बिहारी इंटर कालेज) ने फीता काटकर नव विकसित पुस्तकालय एवं स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने पुस्तकालय एवं स्मार्ट क्लास का अवलोकन किया तथा संस्थान द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों तक आधुनिक शिक्षा एवं डिजिटल संसाधनों की पहुँच सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। इस प्रकार की पहल बच्चों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
संस्थान द्वारा संचालित “कुटुंब किताब” छात्रवृत्ति कार्यक्रम वर्तमान में 199 एकल अभिभावक (सिंगल पैरेंटिंग) परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्रवृत्ति, शैक्षणिक सामग्री, कंप्यूटर शिक्षा, खेल, संगीत, कला, व्यक्तित्व विकास एवं जीवन कौशल प्रशिक्षण जैसी समग्र सुविधाएँ उपलब्ध करा रहा है। नव विकसित पुस्तकालय एवं स्मार्ट क्लास के माध्यम से अब विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल शिक्षण प्रणाली, समृद्ध पुस्तक संग्रह, ई-लर्निंग संसाधन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण भी प्राप्त होगा।
इस अवसर पर संस्थान के सचिव डॉ. आशीष सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षा केवल विद्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को सीखने के लिए प्रेरक वातावरण, आधुनिक संसाधन और अवसर उपलब्ध कराना भी उतना ही आवश्यक है। ‘कुटुंब किताब’ छात्रवृत्ति कार्यक्रम के माध्यम से हमारा प्रयास है कि आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियाँ किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा न बनें। एम3एम फाउंडेशन के सहयोग से विकसित यह पुस्तकालय एवं स्मार्ट क्लास बच्चों को ज्ञान, तकनीक और नवाचार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमें विश्वास है कि यह पहल ग्रामीण एवं वंचित बच्चों के सपनों को नई उड़ान देगी और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाएगी।”
उन्होंने एम3एम फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान शिक्षा, कौशल विकास एवं व्यक्तित्व निर्माण के क्षेत्र में ऐसे ही जनसहयोग और साझेदारी के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति के बच्चों तक अवसर पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, अभिभावक, ग्रामीण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय प्रयास बताते हुए संस्थान के कार्यों की प्रशंसा की।

1 thought on “199 एकल अभिभावक परिवारों के बच्चों को मिली आधुनिक शिक्षा की नई सौगात”

Leave a Comment