Nandi News

काशी में साकार होगी ‘अंगकोर वाट’ की भव्यता

Share on Social Media

प्रीमियर बॉयज़ क्लब, हथुआ मार्केट की दुर्गा पूजा में सनातन विरासत, शक्ति-आराधना और विश्वविख्यात स्थापत्य का अ‌द्भुत संगम

वाराणसी। काशी एवं पूर्वाचल की बहुप्रतीक्षित दुर्गा पूजा में अपनी भव्य और अभिनव प्रस्तुतियों के लिए प्रसिद्ध प्रीमियर बॉयज़ क्लब, हथुआ मार्केट ने इस वर्ष की विशेष परिकल्पना से पर्दा उठा दिया है।

इस वर्ष दुर्गा पूजा पंडाल कंबोडिया के विश्वविख्यात ‘अंगकोर वाट मंदिर’ की स्थापत्य कला से प्रेरित होगा। 12वीं शताब्दी में खमेर समाट सूर्यवर्मन द्वितीय द्वारा भगवान विष्णु को समर्पित हिंदू मंदिर के रूप में निर्मित अंगकोर वाट लगभग 162.6 हेक्टेयर में विस्तृत विश्व की सबसे विशाल धार्मिक संरचना के रूप में मान्यता प्राप्त है।

अंगकोर की भव्यता – काशी में माँ दुर्गा की आराधना

इस वर्ष की प्रस्तुति केवल किसी ऐतिहासिक स्मारक की प्रतिकृति नहीं, बल्कि भारत से दक्षिण-पूर्व एशिया तक विस्तृत सनातन संस्कृति और उसके स्थापत्य प्रभाव को काशी की शक्ति-आराधना से जोड़ने का कलात्मक एवं आध्यात्मिक प्रयास है। पंडाल के विशाल स्वरूप, विशिष्ट शिखरों, प्रवेश संरचना, सूक्ष्म शिल्पकारी और विशेष प्रकाश-सज्जा के माध्यम से अंगकोर वाट की भव्यता को जीवंत करने का प्रयास किया जा रहा है। इस संपूर्ण परिकल्पना के आध्यात्मिक केंद्र में आदिशक्ति माँ दुर्गा का दिव्य स्वरूप विराजमान होगा।

इस वर्ष के प्रमुख आकर्षण

  • विश्वविख्यात अंगकोर वाट की स्थापत्य शैली से प्रेरित भव्य पंडाल ।
  • सनातन संस्कृति, प्राचीन शिल्प और आधुनिक कलात्मक प्रस्तुति का संगम।
  • विशाल शिखरों एवं मंदिर की विशिष्ट संरचना को उभारती सूक्ष्म कारीगरी।
  • विशेष प्रकाश एवं दृश्य-सज्जा, जो संपूर्ण परिसर को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करेगी।
  • केंद्र में माँ दुर्गा की दिव्य प्रतिमा एवं शक्ति-आराधना, जो इस विराट संरचना को आस्था से जोड़ेगी।

वर्ष भर की प्रतीक्षा का उत्तर प्रीमियर बॉयज़ क्लब के लिए दुर्गा पूजा केवल एक वार्षिक आयोजन नहीं, बल्कि काशी और पूर्वांचल के श्रद्धालुओं की आस्था, स्नेह और वर्ष भर की प्रतीक्षा से जुड़ा सांस्कृतिक दायित्व है। हर वर्ष एक प्रश्न उत्सुकता बढ़ाता है-

“इस बार प्रीमियर बॉयज़ क्लब क्या नया लेकर आ रहा है?”

इस वर्ष उसका उत्तर है-एक ऐसी विश्वविख्यात सनातन विरासत की भव्य अनुभूति, जहाँ अंगकोर की स्थापत्य कला काशी की आध्यात्मिक चेतना और माँ दुर्गा की शक्ति-आराधना से मिलेगी। प्रीमियर बॉयज़ क्लब परिवार काशी एवं पूर्वाचल के समस्त श्रद्धालुओं के साथ प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, रेडियो एवं डिजिटल मीडिया के सभी मित्रों के वर्षों से प्राप्त अटूट विश्वास, सहयोग और आत्मीय समन्वय के प्रति हृदय से कृतज्ञता व्यक्त करता है। “इस बार हथुआ मार्केट में केवल एक पंडाल नहीं सजेगा एक सनातन विरासत साकार होगी।

स्वरूप में अंगकोर की भव्यता, चेतना में काशी और आराधना में आदिशक्ति माँ दुर्गा होंगी।”

Leave a Comment