
वाराणसी। बाल दिवस के पावन अवसर पर स्वामी हर सेवा नन्द पब्लिक स्कूल, बनपुरवा, रमना के परिसर में बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उनकी खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विविध खेलकूद प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्ले ग्रुप से लेकर कक्षा सात तक के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, उमंग एवं खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के प्रथम प्रधानमंत्री एवं बच्चों के प्रिय चाचा पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए बच्चों के प्रति उनके अगाध स्नेह तथा राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में बाल शक्ति के महत्व को रेखांकित किया गया।

प्रतियोगिताओं के अंतर्गत कबड्डी, खो-खो, दौड़, लंबी कूद, बैडमिंटन सहित अनेक मनोरंजक एवं शारीरिक दक्षता से संबंधित खेलों का आयोजन किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर बड़े विद्यार्थियों तक सभी ने अपनी क्षमता, कौशल, तत्परता एवं खेल भावना का परिचय दिया। खेल के मैदान में बच्चों का उत्साह, एक-दूसरे के प्रति सहयोग तथा विजय प्राप्त करने का संकल्प देखते ही बनता था। कहीं दौड़ की तेज गति ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया तो कहीं कबड्डी एवं खो-खो के रोमांचक मुकाबलों ने वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया।
प्रतियोगिताओं के समापन पर विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एवं विजयी प्रतिभागियों को मेडल तथा प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को भी उनके उत्साहपूर्ण प्रयासों के लिए प्रोत्साहित किया गया। सम्मान प्राप्त कर बच्चों के चेहरे प्रसन्नता एवं आत्मगौरव से खिल उठे।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबन्धक प्रकाशध्यानानन्द ने कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि बच्चों की प्रतिभा, सृजनशीलता, आत्मविश्वास एवं अंतर्निहित क्षमताओं को पहचानने तथा उन्हें उचित दिशा प्रदान करने का संकल्प दिवस भी है। शिक्षा के साथ खेलकूद बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसी गतिविधियाँ बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, परस्पर सहयोग, धैर्य तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं।
कार्यक्रम का समापन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना एवं उनके उत्साहवर्धन के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को बच्चों के लिए आनंद, उल्लास एवं प्रेरणा से परिपूर्ण एक अविस्मरणीय अवसर बनाने में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई। स्वागत प्रधानाचार्य डॉ० अजय कुमार चौबे ने एवं धन्यवाद ज्ञापन छात्रावास अधीक्षक ले० एम०एस० यादव (रि०) ने दिया तथा संचालन नम्रता सिंह ने किया।