

वाराणसी, 23 सितंबर 2026: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ (एमजीकेवीपी), वाराणसी के संगीत एवं मंच कला विभाग के छात्र अयन माधब भट्टाचार्य का जी टीवी के लोकप्रिय गायन रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा 2026’ के लिए चयन हुआ है।
अयन ने संगीत एवं मंच कला विभाग से बी.म्यूज़. (वोकल) 2021–24 तथा एम.म्यूज़. वोकल 2024–26 की शिक्षा पूर्ण की है। उन्होंने छह वर्षीय संगीत प्रभाकर भी पूर्ण किया है तथा वे प्रसिद्ध हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायिका विदुषी सुचरिता गुप्ता जी के शिष्य हैं।
अयन का संबंध संगीत की समृद्ध पारिवारिक पृष्ठभूमि से है। उनके पिता श्री दिव्येंदु माधव भट्टाचार्य ग़ज़ल गायक रहे हैं। वे जीभ के कैंसर से उबर चुके हैं। व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण वे अपनी संगीत यात्रा को आगे नहीं बढ़ा सके। अयन अब अपने पिता की संगीत यात्रा को आगे बढ़ाने और उनके साथ देखे गए सपनों को साकार करने के प्रयास में जुटे हैं।
अयन की माता श्रीमती श्राबणी भट्टाचार्य शिक्षिका हैं। उन्होंने वसंता कॉलेज फॉर विमेन, काशी हिंदू विश्वविद्यालय से संबद्ध, से बैचलर ऑफ म्यूजिक की उपाधि प्राप्त की है। उनका संगीत ज्ञान और मार्गदर्शन भी अयन की संगीत यात्रा में महत्वपूर्ण रहा है।
संगीत एवं मंच कला विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता घोष सहित विभाग के अन्य शिक्षकों ने अयन को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल संगीत भविष्य की कामना की।
उल्लेखनीय है कि ‘सा रे गा मा पा 2026’ का प्रसारण जी टीवी पर 19 सितंबर 2026 से प्रारंभ हुआ है। राष्ट्रीय टेलीविजन के इस मंच पर अयन का चयन महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ तथा संगीत एवं मंच कला विभाग के लिए गौरव का विषय है।