सनत सिंह सर्वश्रेष्ठ प्रश्नकर्ता, नितिन कुमार दूबे सर्वश्रेष्ठ वक्ता;
गुरुदेव त्रिवेदी की प्रभावशाली सहभागिता ने भी बटोरी सराहना

प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान सिंधिया स्कूल, दुर्ग (ग्वालियर) में महाराज श्री माधवराव सिंधिया की पुण्यस्मृति में आयोजित 25वीं अंतर्विद्यालयी हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता ( 29 – 30 सितंबर 2026) में संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, कोइराजपुर के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक मंच पर विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने विद्यालय को गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता में 12 वीं के छात्र सनत सिंह को ‘सर्वश्रेष्ठ प्रश्नकर्ता’ तथा 11 वीं के छात्र नितिन कुमार दूबे को ‘सर्वश्रेष्ठ वक्ता (विपक्ष)’ के सम्मान से अलंकृत किया गया।

प्रतियोगिता के विशेष खंड ‘बुनो कहानी, कहो जुबानी’ में 11वीं के छात्र गुरुदेव त्रिवेदी की प्रस्तुति और सहभागिता को निर्णायक मंडल द्वारा सराहा गया। इन तीनों विद्यार्थियों की सहभागिता ने भाषायी अभिव्यक्ति, तार्किक चिंतन, त्वरित प्रत्युत्तर और मंचीय आत्मविश्वास का प्रभावशाली परिचय दिया।
इस उपलब्धि पर संस्था के सचिव श्री राहुल सिंह, निदेशिका डॉ. वंदना सिंह, उपनिदेशक श्री आयुष्मान सिंह एवं प्रधानाचार्या डॉ नीलम सिंह ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि – प्रतिष्ठित मंच पर विद्यार्थियों की यह उपलब्धि हमारे लिए गर्व का विषय है। उनकी तार्किक क्षमता, भाषायी दक्षता और वैचारिक प्रखरता से यह विश्वास सुदृढ़ हुआ है कि आज के विद्यार्थी विचार एवं अभिव्यक्ति के क्षेत्र में नई संभावनाओं के संवाहक हैं। हमें विश्वास है कि वे भविष्य में भी अपनी प्रतिभा से विद्यालय और काशी का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
