Nandi News

वृद्धाश्रम में अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर हुआ अंतरपीढ़ीगत कार्यक्रम

Share on Social Media

वाराणसी। सारनाथ स्थित वृद्धाश्रम में 1 अक्टूबर 2026 को क्षेत्रीय पार्षद अभय पाण्डेय की अध्यक्षता में अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर अंतरपीढ़ीगत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों के मान-सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री दयाशंकर दयालु ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर पद्म विभूषित रजनीकांत, अपर जिला जज सुधाकर राय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वाराणसी के सचिव, आरके मिश्रा, वरिष्ठ अधीक्षक सेंट्रल जेल वाराणसी, गिरीश चन्द्र दूबे, जिला समाज कल्याण अधिकारी वाराणसी विजय प्रकाश (सीएओ) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आयुष मंत्री ने वृद्धजनों को चंदन लगाकर फल, मिष्ठान एवं वस्त्र वितरित किए और पुष्प वर्षा के माध्यम से उनका सम्मान किया। सीमा ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वृद्धाश्रम में निवासरत माता-पिता ने अपने अनुभव साझा किए तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।

संस्था के संचालक/प्रबंधक धीरेन्द्र कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आश्रम की गतिविधियों, यहां प्रवेश की पात्रता तथा बुजुर्गों को शासन एवं सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने अंतरपीढ़ीगत जुड़ाव अभियान पर चर्चा करते हुए कहा कि बुजुर्गों को प्यार, सम्मान और सुरक्षित जीवन देने का प्रयास वर्तमान पीढ़ी को करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने जीवन भर समाज और परिवार को सहारा दिया, उनके कांपते हाथों को थामना ही सच्ची संवेदना है।

कार्यक्रम में पद्म विभूषित रजनीकांत जी ने वर्तमान समय में बुजुर्गों की उपेक्षा पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने भावुक होकर वर्तमान पीढ़ी से बुजुर्ग माता-पिता का सम्मान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “दौलत से नहीं खरीदी जा सकती घर की बरकत, बुजुर्ग तो साक्षात ईश्वर की वरदान हैं।”

मुख्य अतिथि आयुष मंत्री दयाशंकर दयालु ने भी बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि “हर आंख यहां यूं तो बहुत रोती है, हर बूंद मगर अश्क नहीं होती है। देखकर रोते जो जमाने का गम, उस आंख से आंसू भी गिरे मोती हैं।” उन्होंने समाज के ऐसे माता-पिता के आंसुओं को पोंछने का प्रयास करने के लिए संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में अध्यक्षीय संबोधन एवं अधीक्षक श्री ओमप्रकाश के धन्यवाद ज्ञापन के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में अंजनी सिंह, किशोर सिंह, विवेक सिंह, सरिता सर्राफ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय ने किया।

Leave a Comment