Nandi News

बीएचयू के छात्रों ने राष्ट्रीय हैंडलूम हैकाथॉन 2026 में हासिल किया तृतीय पुरस्कार

Share on Social Media

वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के दृश्य कला संकाय के चित्रकला विभाग में टेक्सटाइल डिजाइन के शोध छात्र श्री असीम मंडल ने राष्ट्रीय हैंडलूम हैकाथॉन 2026 की ‘सस्टेनेबिलिटी एंड एनवायरनमेंटल इम्पैक्ट’ श्रेणी में अपनी टीम के साथ तृतीय स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है।

राष्ट्रीय हैंडलूम हैकाथॉन 2026 का आयोजन विकास आयुक्त (हथकरघा), वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार की पहल के तहत किया गया था। यह प्रतियोगिता दिनांक 1 अगस्त 2026 को आरएंडडी पार्क, आईआईटी दिल्ली में आयोजित हुई थी।

तीन चरणों में आयोजित इस हैकाथॉन में समूचे देश से लगभग 2,500 प्रतिभागियों ने भाग लिया था। प्रथम चरण में टीम के नवाचार-आधारित विचार को विभिन्न श्रेणियों में शीर्ष 100 प्रविष्टियों में चयनित किया गया। इसके बाद टीम को दूसरे चरण के लिए दिल्ली आमंत्रित किया गया, जहां विचार के प्रस्तुतिकरण के बाद टीम का चयन शीर्ष 40 टीमों में हुआ।

अंतिम चरण में चयनित टीमों को अपने विचारों को और विकसित एवं परिष्कृत करने के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन एवं मेंटरशिप प्रदान की गई। टीम ने निर्णायक मंडल के समक्ष अपने अंतिम विचार का प्रस्तुतिकरण किया और ‘सस्टेनेबिलिटी एंड एनवायरनमेंटल इम्पैक्ट’ श्रेणी में तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि में असीम मंडल के सहायक उनकी टीम के सुश्री कृति मिश्रा एवं श्री अभिदीप्श प्रशांत सागर थे, जो बीएचयू के ही विधि संकाय के छात्र हैं। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर असीम मंडल एवं उनकी टीम के सदस्यों को नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ हैंडलूम टेक्नोलॉजी (IIHT)–SUTRA 2026 के प्रथम कॉन्क्लेव में पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

यह उपलब्धि बीएचयू तथा दृश्य कला संकाय के चित्रकला विभाग के लिए गौरव का विषय है। यह टीम की रचनात्मकता, नवाचार, अंतरविषयी सहयोग तथा सतत विकास एवं हथकरघा क्षेत्र के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Leave a Comment