
वाराणसी। शिवपुर स्थित स्वास्तिक गार्डेनिया सोसाइटी के स्वास्तिक मंदिर की 10वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का शुक्रवार को विधिवत समापन हो गया। 30 जुलाई से शुरू हुए इस आयोजन में सोसाइटी के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सोसाइटी की महिलाओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना कर अखंड रामायण पाठ प्रारंभ किया गया। दूसरे दिन शिवलिंग का विशेष श्रृंगार, रुद्राभिषेक, सत्यनारायण भगवान की कथा तथा हवन-पूजन संपन्न हुआ। समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 200 से 250 श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया

आयोजन को सफल बनाने में सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. विपिन सिंह, सचिव शैलेंद्र प्रधान, कोषाध्यक्ष ईश्वर सिंह, पवन सिंह, अनंत सिंह तथा टावर प्रतिनिधि रेनू सिंह, मिर्जा शाही, प्राची सिंह, पल्लवी गुप्ता, डॉ. रमाशंकर सिंह, संतोष सिंह, प्रेम सिंह, डॉ. एसके शाहिल और उदय सिंह सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
पूरे आयोजन के दौरान स्वास्तिक गार्डेनिया सोसाइटी में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में पूरे मनोयोग से सहभागिता की।
