Nandi News

स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल में ‘भारत को जानो’ क्विज प्रतियोगिता का आयोजन

Share on Social Media

वाराणसी। स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल, गड़वाघाट, रमना, वाराणसी के प्रांगण में ‘भारत को जानो’ क्विज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता पाँच चरणों में संपन्न हुई, जिसमें विद्यालय की विभिन्न शाखाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्रबंधक सचिव बाबा प्रकाश ध्यानानंद जी ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं स्वामी हरसेवानंद जी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। क्विज प्रतियोगिता से पूर्व विद्यालय के म्यूजिक विभाग द्वारा मधुर गीत की प्रस्तुति दी गई, जिसके पश्चात ‘भारत को जानो’ क्विज प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ।

प्रतियोगिता के पाँचों चरणों में विद्यार्थियों ने अपने ज्ञान, प्रतिभा एवं त्वरित निर्णय क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में घोरावल शाखा ने प्रथम स्थान, गड़वाघाट शाखा ने द्वितीय स्थान तथा बनपुरवां शाखा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सचिव बाबा प्रकाश ध्यानानंद जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “भारत का गौरव उसकी समृद्ध संस्कृति, इतिहास और विविधता में निहित है। विद्यार्थियों को अपने देश की महान परंपराओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त करने के लिए सदैव जिज्ञासु रहना चाहिए। ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। मुझे विश्वास है कि हमारे विद्यार्थी ज्ञान और संस्कार के बल पर विद्यालय एवं राष्ट्र का नाम गौरवान्वित करेंगे।”

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री चंद्रशेखर सिंह ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा, “प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के ज्ञान को बढ़ाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं। भारत को जानना केवल तथ्यों को याद करना नहीं बल्कि अपनी संस्कृति, इतिहास और गौरवशाली परंपराओं को समझना है। विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, प्रश्न पूछने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए सदैव प्रयासरत रहना चाहिए। आज के प्रयास ही उन्हें भविष्य में एक जागरूक, जिम्मेदार और राष्ट्रप्रेमी नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”

कार्यक्रम के अंत में कजरी की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। तत्पश्चात राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ।

Leave a Comment