Nandi News

सभ्यता से समकालीन युग तक की रोमांचक यात्रा का साक्षी बना सनबीम का वार्षिकोत्सव ‘तराना’

Share on Social Media

दिनांक- 03.11.2026

सनबीम वरुणा हॉस्टल, सनबीम इंटरनेशनल एवं सनबीम वीमेन्स कॉलेज का संयुक्त आयोजन भव्यता के साथ संपन्न; 100 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से रचा सांस्कृतिक वैभव।

वाराणसी, 4 नवम्बर 2026। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के साथ विद्यार्थियों की सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं बहुआयामी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सनबीम हॉस्टल, वरुणा का संयुक्त वार्षिकोत्सव ‘तराना’ अत्यंत हर्षाेल्लास एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। सनबीम वरुणा के प्रांगण में आयोजित इस समारोह में सनबीम वरुणा हॉस्टल, सनबीम इंटरनेशनल एवं सनबीम वीमेन्स कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस वर्ष समारोह की विशिष्ट थीम ‘सभ्यता से समकालीन युग तक’ रही, जिसके माध्यम से मानव सभ्यता की विकास यात्रा को एक सजीव एवं आकर्षक मंचीय प्रस्तुति के रूप में प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में मानव सभ्यता के प्रारंभिक स्वरूप से लेकर वर्तमान आधुनिक समाज तक के परिवर्तन और विकास को विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया गया। आदिम युग में अग्नि की खोज से आरंभ हुई मानव की यात्रा, प्राचीन नगरों एवं सिंधु घाटी सभ्यता का विकास, वैदिक काल की ज्ञान परंपरा, महाजनपदों का उदय, महान साम्राज्यों की स्थापना, भारतीय संस्कृति का स्वर्णिम काल, स्वतंत्रता संग्राम और आधुनिक भारत की उपलब्धियों को मंच पर प्रभावशाली ढंग से साकार किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने यह प्रदर्शित किया कि किस प्रकार समय के साथ मानव ने अपनी सोच, जीवनशैली, ज्ञान-विज्ञान, कला और सामाजिक व्यवस्था में निरंतर परिवर्तन करते हुए सभ्यता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया।

समारोह का एक महत्त्वपूर्ण आकर्षण ‘गैलेक्सी ऑफ अचीवर्स’ रहा, जिसके अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और उत्कृष्ट उपलब्धियों से विद्यालय का गौरव बढ़ाने वाले 100 से अधिक छात्र-छात्राओं को उनके अभिभावकों की उपस्थिति में सम्मानित किया गया। इस अवसर ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों को पहचान देने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सनबीम शिक्षण समूह की निदेशिका श्रीमती अमृता बर्मन, मानद निदेशक श्री हर्ष मधोक, प्रधानाचार्या डॉ. अनुपमा मिश्रा, प्रधानाचार्या श्रीमती करिश्मा शाह खन्ना (सनबीम इण्टरनेषनल, वरुणा), प्रधानाचार्य, श्री राजीव सिंह एवं प्रशासिका, श्रीमती शालिनी सिंह (सनबीम वीमेन्स कॉलेज, वरुणा) सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।

कार्यक्रम की अगली कड़ी में सनबीम स्कूल वरुणा की प्रधानाचार्या एवं परिसर प्रमुख डॉ0 अनुपमा मिश्रा, छात्रावास-अधीक्षक श्री घनश्याम मिश्रा, सनबीम इंटरनेशनल वरुणा की प्रमुख श्रीमती करिश्मा शाह एवं सनबीम वीमेंस कॉलेज वरुणा की प्रशासिका श्रीमती शालिनी सिंह ने विद्यालय एवं छात्रावास का संयुक्त वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत किया।

इसके पश्चात् विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य, नाट्य, अभिनय एवं आकर्षक मंच सज्जा के माध्यम से इतिहास के विभिन्न कालखंडों को जीवंत कर दिया। उत्कृष्ट वेशभूषा, सशक्त संवाद, मनमोहक नृत्य संयोजन और प्रभावशाली संगीत ने प्रत्येक प्रस्तुति को विशेष बना दिया। 100 से अधिक प्रतिभागियों की सामूहिक सहभागिता ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की। दर्शक दीर्घा में उपस्थित अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

पुरस्कार वितरण समारोह में द टॉर्चबेयरर ऑफ पॉज़िटिविटी अवॉर्ड, द वॉइस ऑफ हार्मनी अवॉर्ड, द स्टेज ल्यूमिनरी अवॉर्ड, द वर्सेटिलिटी अवॉर्ड, द मास्टर ऑफ मैनर्स अवॉर्ड, द टीम स्पिरिट फोररनर अवॉर्ड, द कैनवस ऑफ इमैजिनेशन अवॉर्ड, द आउटस्टैंडिंग ऑरेटर अवॉर्ड इत्यादि क्षेत्र में छात्र-छात्राओं को प्रस्तुत किया गया।

‘तराना’ की इस अनूठी प्रस्तुति ने अतीत की गौरवशाली विरासत, वर्तमान की उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को एक सूत्र में पिरोते हुए यह संदेश दिया कि सभ्यता केवल इतिहास के पन्नों में सीमित नहीं होती, बल्कि वह हमारी संस्कृति, विचारों, मूल्यों और जीवनशैली में निरंतर प्रवाहित होती रहती है। इस प्रकार यह वार्षिकोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा, भारतीय सभ्यता की समृद्धि और आधुनिक युग की प्रगतिशील चेतना का यादगार उत्सव बनकर संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सनबीम शिक्षण समूह की निदेशिका श्रीमती अमृता बर्मन ने सभी प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें तथा आयोजन से जुड़े सभी विभागों के सदस्यों को उनके समर्पित प्रयासों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Comment