Nandi News

वाराणसी में दर्दनाक हादसा: बेटी को UP पुलिस परीक्षा दिलाने जा रहे पिता और पुत्री की सड़क हादसे में मौत, पड़ोसी गंभीर रूप से घायल

Share on Social Media

वाराणसी

फूलपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद ही हृदयविदारक घटना सामने आई है। मंगलवार की सुबह बाबतपुर-जौनपुर बाईपास मार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में पिता और उनकी 20 वर्षीय बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। बेटी का उत्तर प्रदेश पुलिस (UP Police) में भर्ती होने का सपना था और पिता अपनी लाडली को परीक्षा दिलाने के लिए जौनपुर जा रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। हादसे में बाइक चला रहा उनका एक पड़ोसी भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।रामनगर के रहने वाले पृथ्वी नाथ सोनकर (64 वर्ष) अपनी बेटी आंचल सोनकर (20 वर्ष) को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से जौनपुर के परीक्षा केंद्र पर जा रहे थे। बाइक उनका पड़ोसी दिनेश सोनकर (24 वर्ष) चला रहा था।

जैसे ही उनकी बाइक फूलपुर थाना क्षेत्र के बेलवा-नागपुर के बीच बाबतपुर-जौनपुर बाईपास पर पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है और वैधानिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिवार को दे दी है। इस मनहूस खबर के मिलते ही रामनगर स्थित घर में कोहराम मच गया है। हंसते-खेलते परिवार की खुशियाँ एक पल में मातम में बदल गईं।

Leave a Comment