
वाराणसी, 26 जुलाई। आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में रीढ़ (स्पाइन) के रोगों के उपचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में 25 एवं 26 जुलाई 2026 को वाराणसी में एडवांस स्पाइन एंडोस्कोपी वर्कशॉप का सफल आयोजन किया गया। इस वर्कशॉप का आयोजन वरिष्ठ स्पाइन एंडोस्कोपी विशेषज्ञ डॉ. सुशील कुमार जायसवाल के मार्गदर्शन में किया गया।
वर्कशॉप में ग्वालियर से आए वरिष्ठ स्पाइन विशेषज्ञ डॉ. संतोष त्रिपाठी ने गेस्ट फैकल्टी के रूप में प्रतिभागियों को नवीनतम तकनीकों एवं जटिल स्पाइन एंडोस्कोपिक प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। वर्कशॉप के मुख्य सचिव डॉ. अंशुल अग्रवाल (इंदौर) तथा सहायक सचिव डॉ. शुभेंदु सिंह (गोरखपुर) रहे।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से ऑर्थोपेडिक सर्जन, पेन फिजीशियन, एनेस्थीसियोलॉजिस्ट, न्यूरोसर्जन एवं न्यूरोफिजीशियन सहित अनेक विशेषज्ञ चिकित्सकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों में डॉ. ललित कुमार, डॉ. के. अश्विन, डॉ. सुक्रांत यादव, डॉ. संजोग मेकेवार, डॉ. प्रीतम मोहंती, डॉ. वी. अभिलाष, डॉ. आशीष गोयल, डॉ. अजय मोदगिल एवं डॉ. कृति सुंदर मंडल प्रमुख रहे।
विशेषज्ञों ने बताया कि स्पाइन एंडोस्कोपी वर्तमान समय में रीढ़ की बीमारियों के उपचार की सबसे उन्नत एवं न्यूनतम चीरा (Minimally Invasive) आधारित तकनीकों में से एक है। इस पद्धति के माध्यम से अनेक रोगियों का उपचार बिना बड़ी सर्जरी के किया जा सकता है। इससे ऑपरेशन के दौरान रक्तस्राव कम होता है, संक्रमण का जोखिम घटता है, मरीज को कम दर्द होता है तथा वह अपेक्षाकृत कम समय में सामान्य जीवन में लौट सकता है। यही कारण है कि विश्वभर में स्पाइन एंडोस्कोपी को स्पाइन उपचार के क्षेत्र में तेजी से अपनाया जा रहा है।
वर्कशॉप के दौरान प्रतिभागियों को लाइव सर्जरी, केस आधारित चर्चा, आधुनिक उपकरणों के उपयोग तथा विभिन्न जटिल स्पाइन एंडोस्कोपिक तकनीकों का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। विशेषज्ञों ने इस बात पर बल दिया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम देश में आधुनिक एवं सुरक्षित स्पाइन उपचार को बढ़ावा देने के साथ-साथ मरीजों तक विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
आयोजकों ने बताया कि इस वर्कशॉप का उद्देश्य भारत के विभिन्न राज्यों से आए चिकित्सकों को नवीनतम स्पाइन एंडोस्कोपिक तकनीकों में प्रशिक्षित करना है, ताकि अधिक से अधिक मरीजों को बिना बड़ी सर्जरी के प्रभावी, सुरक्षित एवं आधुनिक उपचार उपलब्ध कराया जा सके। वाराणसी में एडवांस स्पाइन एंडोस्कोपी वर्कशॉप का सफल आयोजन, देशभर से विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लिया प्रशिक्षण


