Nandi News

नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल, सुसुवाही में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवसवाराणसी, 15 अगस्त:

Share on Social Media


वाराणसी, 15 अगस्त:
नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल, सुसुवाही के प्रांगण में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूर्ण उत्साह, देशभक्ति औरारोही जोश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, भारतीय नौसेना के भूतपूर्व कमांडर श्री त्रिभुवन सिंह, विद्यालय प्रबंधक श्री राजेश कुमार राय, उपाध्यक्ष श्री प्रवीण राय, प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय, वरिष्ठ समन्वयक सुश्री सत्यप्रिया सिंह एवं कनिष्ठ समन्वयक श्री असीम कुमार घोषाल के कर-कमलों द्वारा माँ सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण के साथ हुआ।
इसके उपरांत मुख्य अतिथि एवं प्रबंध तंत्र द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। विद्यालय के हेड बॉय हर्ष विश्वकर्मा की अगुवाई में चारों सदनों के विद्यार्थियों ने तिरंगे को सलामी दी और गगनभेदी देशभक्ति नारों का उद्घोष किया। इस दौरान छात्रा गार्विता वैष्णवी ने ‘वंदे मातरम्’ नृत्य प्रस्तुत कर राष्ट्र की वंदना की।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय ने उपस्थित सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की आत्मीय शुभकामनाएं दीं और स्वतंत्रता के मूल्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के परिवेश में हम सभी को एकजुट होकर अपनी सभ्यता व संस्कृति की धरोहर को बचाते हुए, भावनात्मक सुदृढ़ता के साथ अपने राष्ट्र गौरव को अखंडित रखने का प्रयास करना होगा। उन्होंने युवाओं को देश को प्रगति के मार्ग पर अग्रसर करने तथा एक सुदृढ़ समाज की नींव रखने हेतु संकल्पित करते हुए कहा कि यदि युवा जागरूक और कर्मठ रहेंगे, तो देश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।
ध्वजारोहण के पश्चात विद्यालय के केशव सभागार में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने नृत्य, संगीत, भाषण, नृत्य-नाटिका और योग प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोह लिया। नर्सरी कक्षा के नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का भरपूर मनोरंजन किया और खूब तालियां बटोरीं। हिंदी, संस्कृत और अंग्रेजी में भाषण रीता, आस्था एवं आशुतोष ने प्रस्तुत किए।
नाट्य प्रस्तुतियां कक्षा 3 से 5 तथा कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों के समूहों द्वारा दी गईं। इसके साथ ही, नंदिनी व आरुषि समूह के द्वारा योग प्रदर्शन तथा “रंग मेरा भारत” और “ये देश मेरा” जैसी देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने सभागार को देशप्रेम के रंग में पूरी तरह सराबोर कर दिया। इन सभी प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह के दिलों में देश के प्रति कृतज्ञता की भावना को प्रगाढ़ कर दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि, भूतपूर्व कमांडर श्री त्रिभुवन सिंह ने अपने विचार साझा करते हुए विद्यालय के अनुशासन और विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने बच्चों को देश, समाज और परिवार के प्रति अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने का संदेश देते हुए कहा कि हमारी युवा पीढ़ी अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करते हुए देश को एक ऊर्जावान व समृद्ध भविष्य दे तथा विश्व में अपनी एक अलग पहचान बनाकर देश का नाम रोशन करे।
कार्यक्रम के अंत में निदेशक महोदय एवं प्रधानाचार्य महोदय द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही, मुख्य अतिथि ने अपने कर-कमलों से छोटे बच्चों को मिष्ठान वितरित कर उन्हें आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ समन्वयक सुश्री सत्यप्रिया सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम का सफल एवं आकर्षक मंच संचालन छात्रा सृष्टि और छात्र ओम द्वारा किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Comment